रांची. केरल में होने वाले 35वें नेशनल गेम्स से पहले झारखंड के खेल संघों के बीच घमासान मचा हुआ है। यह सोमवार को भी देखने को मिला। झारखंड ओलिंपिक एसोसिएशन (जेओए) और झारखंड हॉकी व कुश्ती संघ फिर आमने-सामने आ गया है।
सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जेओए के अध्यक्ष आरके आनंद ने कहा कि हॉकी और कुश्ती के लिए अलग से ट्रायल का आयोजन शीघ्र होगा। उन्होंने बताया कि झारखंड में हॉकी और कुश्ती का जो संघ चल रहा है उसे जेओए से मान्यता नहीं है। राष्ट्रीय खेल में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की गाइड लाइन के अनुसार बिना स्टेट ओलंपिक से सहमति के बगैर कोई भी संघ अपने खिलाड़ियों को नेशनल गेम्स में नहीं भेज सकता है।
खेल घोटाले पर मैंने ही सबसे पहले की थी शिकायत
एक सवाल के जवाब में आरके आनंद ने कहा कि मैने जो किया वो सिर्फ निगरानी और सरकार को पता है। जब झारखंड में लूट-खसोट का खेल नेशनल गेम्स के समय चल रहा था तो मैने ही सबसे पहले इसकी लिखित शिकायत राज्यपाल और आला अधिकारियों से की थी। मेरे कहने के बाद पूर्व खेल निदेशक पीसी मिश्रा को हटाया गया। उन्होंने कहा कि सुरेश कलमाडी तक की मैंने शिकायत आईओ से की थी। यहां जो खेल के नाम पर कुछ लोग रोटी सेक रहे है, उसका पर्दाफाश बहुत जल्द हो जाएगा।
बाहरी खिलाड़ियों को अनुमति नहीं
आनंद ने कहा कि बाहर के खिलाड़ियों को किसी भी खेल में खेलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब 34वें नेशनल झारखंड में हुआ तो शूटिंग में भी दो संघों की लड़ाई चल रही थी। लेकिन इसमें भी खिलाड़ियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। जेओए ने इस मामले का निपटारा करते हुए दोनों संघों के खिलाड़ियों को खेलने का मौका दिया था। ठीक उसी तरह से हॉकी और कुश्ती में भी होगा।
जेओए और भोलानाथ सिंह अपने खिलाड़ियों को भेजने का दावा कर रहे हैं। एक तरफ जेओए कह रहा है कि नेशनल गेम्स में उसी खेल संघ के खिलाड़ी भाग लेंगे जिसको जेओए से मान्यता मिली हुई है। प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य रूप से जेओए के प्रवक्ता शैलेंद्र पाठक, कार्यवाहक सचिव शिवेंद्र दूबे, उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल , सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जुबैर आलम, कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक मौजूद थे।
हॉकी झारखंड भेजेगा खिलाड़ी : भोलानाथ सिंह
झारखंड हॉकी के अध्यक्ष और झारखंड कुश्ती के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा कि नेशनल गेम्स के लिए फेडरेशन ही टीम का चयन करेगी। टीम के खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। और यही चयनित खिलाड़ी नेशनल गेम्स में हिस्सा लेने केरल रवाना होंगे।