(खलारी के एक बूथ पर कतारबद्ध मतदाता।)
खलारी. झारखंड विधान चुनाव के तीसरे चरण में सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान में महिला व पुरुष मतदाता अपना वोट डालने के लिए बूथों पर पहुंचने लगे थे। प्रखंड के कुल 43 हजार 496 मतदाताओं में से 27176 मतदाताओं ने अपने मत डाले जिनमें से 15 हजार 537 पुरुष व 11 हजार 639 महिला मतदाता शामिल है। सबसे कम मतदान प्रखंड के 40 नंबर बूथ में 48.22 प्रतिशत दर्ज किया गया। सबसे अधिक मतदान बमने पंचायत के 53 नंबर बूथ में 82.57 प्रतिशत मतदान हुआ।
सुबह में मतदान की गति में तेजी देखी गई। इसके बाद दिनभर मतदान सामान्य रूप ये होता रहा। मतदान के पहले दो घंटे में 13.5 प्रतिशत रहा। दोपहर 1 बजे तक 45 प्रतिशत मतदान हुआ। विश्रामपुर स्थित बूथ संख्या 21, करकट्टा स्थित 8 नंबर बूथ,जनता हाई स्कूल के 16 नंबर बूथ, कोऑपरेटिव स्थित बूथ 18 तथा 25 नंबर बूथ पर वीवी पैड में आई खराबी के कारण कुछ समय के लिए मतदान बाधित रहा। मौके पर पहुंचे जोनल दंडाधिकारी के रूप में खलारी बीडीओ रोहित सिंह व सीआई हरेन्द्र सिंह ने मामले की जानकारी लेकर उसे ठीक कराया। प्रखंड के बूथ संख्या 26,27 व 28 को मॉडल बूथ बनाया गया था। इन मॉडल बूथों पर मतदाताओं के लिए चाय की व्यवस्था भी की गई थी। शाम 5 बजे सभी बूथों पर मतदान को समाप्त होने के बाद ईवीएम को सील कर दिया गया।
बुजुर्गों व नि:शक्तों ने भी दिखाया उत्साह
खलारी में मतदान करने के लिए इस बार बुजुर्गों ने अपने मतदान का प्रयोग बडे़ ही उत्साह से किया। वहीं बुजुर्ग,विकलांग व अपाहिज मतदाताओं में महावीर नगर के सुरजमल साव 80 वर्ष,बुधन पाहन,70 वर्षीय पदम महली भी अपने मत का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी आस्था को जताया। मतदान केन्द्रों में बुजुर्गों व विकलांग मतदाताओं के लिए पहले मतदान करने की व्यवस्था की गई थी। कई बूथों पर दूर-दूर से बुजुर्ग मतदाता आए थे और उन्होंने अपना वोट डाला। वहीं लपरा पंचायत के बसरिया गांव के किसान परबल धान ने भी सब्जी लेकर लपरा पहुंचे। उन्होंने मतपर्ची दिखाते हुए बताया कि वोट देकर अपने मत का प्रयोग करेगे और उसके बाद ही सब्जी बेचने जायेंगे।
चप्पे-चप्पे पर थी सुरक्षा की व्यवस्था
पूरे प्रखंड में मतदान के दौरान डीएसपी राधाप्रेम किशोर व खलारी थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा के चाक चौबंद के साथ ही सुरक्षाकर्मी चप्पे-चप्पे पर निगरानी कर रहे थे। प्रखण्ड के सभी बूथों पर सुरक्षा के मद्देनजर 10 पारा मिलिट्री फोर्स के अलावे प्रत्येक बूथ पर खलारी व मैक्लुस्कीगंज पुलिस बल के अधिकारी व जवान तैनात थे। सुरक्षा बल लगातार बूथ व क्षेत्र की गश्ती कर रहे थे। हर आने-जाने वालों पर सुरक्षा बलों की पैनी नजर थी।
पहली बार युवा मतदाताओं ने किया अपने मत का प्रयोग
लोकतंत्र के इस महापर्व में पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में भी काफी जोश देखा गया। प्रखण्ड के कोऑपरेटिव स्थित मतदान संख्या 17-18 में पहली बार युवा छात्रा जागृति कुमारी,सुनीता सिंह,रितेश कुमार ने अपने मत का प्रयोग किया।। प्रखण्ड के अन्य बूथों में भी युवा मतदाताओं ने पहली बार अपने-अपने मत डाले और लोकतंत्र में आस्था जताया।