पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Puzzle Night, Booth Management's Emphasis

रात भर हुई माथापच्ची, बूथ मैनेजमेंट पर रहा जोर, रात भर घूमे प्रत्याशी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. रांची से भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह दिन में बूथ मैनेजमेंट को दुरुस्त करने के लिए बूथ वाइज अपने प्रतिनिधियों के नाम तय करते रहे। उधर, कांके से भाजपा प्रत्याशी डॉ. जीतू चरण राम ने भी बुढ़मू, कांके व कुछ अन्य क्षेत्रों में जाकर बूथ पर बैठनेवाले अभिकर्ताओं से मुलाकात की। वहीं हटिया प्रत्याशी सीमा शर्मा देर रात तक क्षेत्र में ही घूमती रहीं। खिजरी प्रत्याशी रामकुमार पाहन नामकुम, गेतलसूद व अन्य क्षेत्रों में भटकते रहे।
सीपी सिंह : मंगलवार को सुबह आठ से नौ बजे के बीच रांची नगर निगम के बगल वाले बूथ पर अपने परिवार के साथ मतदान करेंगे।
डॉ. जीत चरण राम : सुबह 9-10 बजे के बीच बुढ़मू के उत्क्रमित मवि मुरुपरी पर मतदान करेंगे।
सीमा शर्मा : एजी काॅलोनी स्थित बूथ पर सुबह लगभग नौ बजे मतदान करेंगी।
राम कुमार पाहन : मंगलवार की सुबह आठ बजे अपने बूथ पर मतदान करेंगे।
झामुमो प्रत्याशी रात भर घूमे
रांची जिला के झामुमो प्रत्याशी सोमवार को रात भर सो नहीं पाए। देर रात तक मतदाताओं से मिलने के लिए घर-घर घूमते रहे। रांची विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी महुआ माजी तो राजधानी क्षेत्र में ही घूम रही थीं, पर हटिया के झामुमो प्रत्याशी डॉ. जावेद अहमद, कांके प्रत्याशी डॉ. अशोक नाग और खिजरी प्रत्याशी अंतु तिर्की देर रात तक एक गांव से दूसरे गांव में भ्रमण करते रहे। सोमवार सुबह से लेकर शाम तक इन प्रत्याशियों ने अपने-अपने कार्यकर्ताओं के साथ कई दौर की बैठकें कीं, फिर बूथ मैनेजमेंट का जायजा लेने ये सभी क्षेत्र में रवाना हो गए। हुई डॉ. जावेद अहमद रात साढ़े नौ बजे नगड़ी में थे। वहीं अंतु तिर्की रात 10 बजे महेशपुर गांव में थे।
हेमंत सोरेन : मंगलवार की सुबह 11 बजे संत फ्रांसिस स्कूल, हरमू में पत्नी के साथ मतदान करेंगे।
महुआ माजी : सपरिवार छोटानागपुर स्कूल थड़पखना पर सुबह 8.30 बजे वोट डालेंगी।
अंतु तिर्की : राजकीय बालिका विद्यालय, बरियातू रोड पर वोट डालेंगे।
डॉ. जावेद अहमद : राइन गर्ल्स स्कूल पर वोट डालने जाएंगे।
रणनीति बनाने में जुटे रहे झाविमो प्रत्याशी
झाविमो के हटिया प्रत्याशी नवीन जायसवाल देर रात तक नगड़ी व रातू के सुदूर गांवों में बूथ मैनेजमेंट व चुनावी रणनीति को अंजाम देने में जुटे रहे। चुनाव की पूर्व संध्या पर जितना संभव हुआ घर-घर जाकर मतदाताओं से जनसंपर्क किया और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इधर, झाविमो के लोकल संगठन भी देर रात तक अलग-अलग पॉकेटों में बैठक करते रहे और लोगों से झाविमो के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
नवीन जायसवाल : हटिया से झाविमो प्रत्याशी नवीन चर्च रोड स्थित बूथ पर वोट डालेंगे।
रांची में वोट करेंगे सिल्ली के प्रत्याशी
कांग्रेस के प्रत्याशियों का दिन भर बूथ मैनेजमेंट का दौर चलता रहा। सिल्ली क्षेत्र के प्रत्याशी दिनेश साहू ने रमा खलखो के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर बूथ मैनेजमेंट पर निर्देश दिया। कांके प्रत्याशी सुरेश बैठा ने पिठोरिया, बुकरू, कांके में बूथ मैनेजमेंट की तैयारियों का जायजा लिया। खिजरी प्रत्याशी सुंदरी तिर्की ने अनगड़ा, इरबा में घूम-घूम कर बूथ मैनेजमेंट को देखा। सुरेंद्र सिंह ने अपने आवासीय कार्यालय से ही बूथ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। हटिया प्रत्याशी आलोक दुबे ने भी बूथ मैनेजमेंट को अंतिम रूप दिया।
दिनेश साहू : रांची में सर्कुलर रोड स्थित बालिका विद्यालय के बूथ पर वोट करेंगे।
सुरेश बैठा : भिट्ठा स्थित मतदान केंद्र पर सुबह साढ़े सात बजे ही मतदान करेंगे।
सुंदरी तिर्की : टुंगरी प्राथमिक विद्यालय पर अपना मतदान करेंगी।
आलोक कुमार दुबे : मंगलवार यूनाइटेड स्कूल हिनू स्थित बूथ पर वोट डालेंगे।
सुरेंद्र सिंह : गाड़ीखाना चौक स्थित बूथ पर अपना मत डालेंगे।