पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. झामुमो विधायक दल की सोमवार को हुई बैठक में बतौर राज्यसभा प्रत्याशी पांच नाम उभरे। दो नाम शुरू में ही खारिज कर दिए गए, पर तीन नामों पर अंत अंत तक चर्चा हुई। इसका पटाक्षेप करते हुए खुद गुरुजी ने कहा, न मैं, न बसंत, राज्यसभा में अपने दिवंगत नेता सुधीर महतो की पत्नी सविता जाएंगी। कोल्हान व छोटानागपुर के विधायकों ने गुरुजी के इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त किया पर संथाल के कुछ नेताओं की नजर में शिबू सोरेन को ही उम्मीदवार होना चाहिए था। बैठक से निकलने के बाद विधायक विष्णु भैया ने कहा पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन, बसंत सोरेन, सविता महतो, विनोद पांडेय व सुप्रियो भट्टाचार्य के नाम पर चर्चा हुई।
ग्रामीण कार्यमंत्री साइमन मरांडी ने कहा कि अधिकतर विधायक चाहते थे कि गुरुजी खुद राज्यसभा का चुनाव लड़ें। ऐसा होने से कांग्रेस व राजद भी आसानी से समर्थन देते। पर, सुधीर महतो की पत्नी को राज्यसभा में भेजने के लिए स्वयं गुरुजी ने अपनी भावना बैठक में रखी। उन्होंने कहा कि बदली परिस्थिति में वे चाहते हैं कि सुधीर महतो की पत्नी को यह अहसास हो कि पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है। ऐसे में सविता के नाम पर सबको एकमत होना चाहिए। फिर सभी इस पर खुशी-खुशी राजी हो गए। विधायक विद्युत वरण महतो, जगन्नाथ महतो, मथुरा महतो, रामदास सोरेन, हेमलाल मुर्मू तथा जयप्रकाश भाई पटेल ने तत्क्षण सविता महतो के नाम का प्रस्ताव रखा और सबने इस पर अपनी सहमति दे दी।
सविता के लिए झामुमो ने मांगा समर्थन
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने पार्टी प्रत्याशी सविता महतो के लिए भाजपा और आजसू समेत सभी दलों से समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि बदली परिस्थिति में झामुमो ने सविता महतो को चुनाव मैदान में उतारा गया है। सविता को निर्विरोध निर्वाचित करने में अपना सहयोग देकर सभी दल सुधीर महतो और निर्मल महतो को सच्ची श्रद्धांजलि दें। पार्टी को उम्मीद है कि राजद और कांग्रेस का समर्थन भी झामुमो उम्मीदवार को मिलेगा। सुबह मोरहाबादी स्थित झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवास पर हुई बैठक के बाद सविता को पार्टी उम्मीदवार बनाने की आधिकारिक घोषणा हुई। सीएम हेमंत सोरेन ने सुखदेव भगत को सविता को उम्मीदवार बनाने की जानकारी दी।
भाजपा और आजसू से रिश्ता बनाने जा रहा हूं : परिमल नाथवाणी
परिमल नथवाणी ने सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय और संगठन महामंत्री सौदान सिंह से एक घंटे तक मुलाकात की। बातचीत के बाद नथवाणी ने बताया कि वे समर्थन के लिए अनुरोध करने आए थे। भाजपा ने उन्हें दूसरी पार्टी का भी समर्थन लेकर आने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि वे भाजपा और आजसू से रिश्ते बनाने जा रहे हैं। बाकी दलों से भी समर्थन लेने में कोई गुरेज नहीं है। यह पूछने पर कि वह किस दल के उम्मीदवार होंगे, नथवाणी ने इसका सीधा जवाब नहीं दिया। कहा कि सोमवार रात सब कुछ तय हो जाने के बाद मंगलवार को नामांकन कर सकते हैं।
आलमगीर आज करेंगे नामांकन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी आलमगीर आलम मंगलवार को विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पार्टी ने यह निर्णय लिया था कि अल्पसंख्यक समुदाय के उम्मीदवार को चुनाव में उतारा जाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.