रांची. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि नए विधानसभा भवन और नई रांची का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। पूंजी निवेश के लिए यहां काफी लोग आनेवाले हैं। सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने पर है। इसमें बैंकों की बड़ी भूमिका होगी। सिर्फ बड़े-बड़े उद्योगों को लोन देकर राज्य का सीडी रेशियो न बढ़ाएं। लघु और कुटीर उद्योगों को भी लोन दें।
मुख्यमंत्री गुरुवार को होटल रेडिशन ब्लू में आयोजित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की 50वीं त्रैमासिक समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खाते खोलने में झारखंड ने शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। झारखंड बदल रहा है। ऐसे में बैंकों को भी बदलना होगा।
सीएम ने कहा अब सुदूरवर्ती गांव और शहर के स्लम एरिया में शिविर लगाकर बैंक खाता खोले जाने चाहिए। सीएम ने कहा कि राज्य के 40 लाख किसानों में से महज 15 लाख को ही केसीसी मिला है। शिविर लगाकर बचे हुए किसानों को कार्ड दें। अतिथियों का स्वागत एसएलबीसी के महाप्रबंधक जैन भूषण ने किया। मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक राजीव सक्सेना, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के निदेशक मिहिर कुमार, विकास आयुक्त आरएस पोद्दार, प्रधान सचिव मृदुला सिन्हा ने भी विचार रखे।
सीएसआर के लिए ट्रस्ट बनाएगी सरकार
सीएम ने कहा कि कम्यूनिटी सर्विस रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) के लिए सरकार ट्रस्ट बनाएगी। सीएसआर के पैसे वैसे क्षेत्रों में खर्च किए जाएं, जहां इसकी जरूरत है। पश्चिमी सिंहभूम में पीने के पानी की समस्या है। इसी प्रकार स्वच्छता अभियान आदि में भी ये पैसे खर्च हो सकते हैं, जिनमें सांसद और विधायक मद के पैसे का भी उपयोग हो सकता है। सीएम ने कहा कि हर हाथ का काम देने और युवकों को हुनरमंद बनाने के लिए बैंकों को स्किल डेवलपमेंट मिशन से जुड़ना होगा। इस मिशन से बैंकर्स, कॉरपोरेट सेक्टर, सार्वजनिक उपक्रम आदि को जोड़ना है।
बैंकों को मिलेगा सहयोग : गौबा
मुख्य सचिव राजीव गौबा ने कहा कि सरकार बैंकों काे पूरा सहयोग करेगी। विधि-व्यवस्था, बिजली की उपलब्धता, सर्टिफिकेट अफसर की नियुक्ति आदि के बारे में सरकार सजग है। इकोनॉमिक डेवलपमेंट पर सरकार का फोकस है। प्राइवेट सेक्टर के बैंक भी अपनी भूमिका बढ़ाएं।
बीओआई ने खोले सर्वाधिक खाते
जन-धन योजना के तहत सर्वाधिक खाते बैंक ऑफ इंडिया ने खोले। बीओआई ने 7 लाख 12 हजार 122 खाते खोले। दूसरे स्थान पर एसबीआई ने 6 लाख 60 हजार 799 तथा तीसरे स्थान पर रहे झारखंड ग्रामीण बैंक ने 2 लाख 17 हजार 700 खाते खोले। सीएम ने तीनों बैंकों के अधिकारियों को सम्मानित किया।