पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आईपीएल में भी छाई रांची, आरसीबी की रंग में रंगा स्टेडियम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची । सुनील नरेन (22/4) की बेहतरीन गेंदबाजी और जैक कैलिस (17/2 और 41 रन) के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने आईपीएल-6 में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को पांच विकेट से हरा दिया। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 115 रन बनाए। क्रिस गेल ने 33 और एबी डिविलियर्स ने 28 रन बनाए। जवाब में नाइटराइडर्स ने 19.2 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत के लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस जीत के साथ केकेआर की प्ले ऑफ की उम्मीद कायम है।


साधारण लक्ष्य के जवाब में केकेआर की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज मनविंदर बिस्ला बिना खाता खोले रवि रामपाल की गेंद पर मोइसेस हेनरिक्स को कैच थमा बैठे। कप्तान गौतम गंभीर 14 रन बनाने के बाद विनय कुमार का शिकार बने। इसके बाद जैक कैलिस और यूसुफ पठान ने तीसरे विकेट की साझेदारी में 30 रन जोड़े। यूसुफ को मुरली कार्तिक ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। यूसुफ ने 16 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 18 रन बनाए। कैलिस ने मनोज तिवारी के साथ पांचवें विकेट की साझेदारी में 35 रन जोड़े। कैलिस को मिथुन ने आउट किया। कैलिस ने अपनी पारी में 45 गेंदों का सामना किया और चार चौके जमाए। इससे पहले केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कोलकाता की टीम ने पिछले मैच के अंतिम एकादश में दो बदलाव करते हुए इंग्लैंड के इयोन मोर्गन के स्थान पर श्रीलंकाई खिलाड़ी एस. सेनानायके और इकबाल अब्दुल्ला की जगह देवब्रत दास को शामिल किया। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने सैयद मोहम्मद के स्थान पर अभिमन्यु मिथुन को अंतिम 11 में जगह दी। आरसीबी की शुरुआत काफी धीमी रही और चेतेश्वर व क्रिस गेल पहले चार ओवर में सिर्फ 14 रन जोड़ सके। पुजारा आखिरकार 14 गेंदों में पांच रन बनाने के बाद सेनानायके की गेंद पर लक्ष्मीपति बालाजी को कैच थमा बैठे।

आरसीबी की ओर से मैच का पहला चौका छठे ओवर की चौथी गेंद पर विराट कोहली ने लगाया। पावर प्ले (छह ओवर) खत्म होने तक बेंगलुरू की टीम ने एक विकेट खोकर 22 रन बनाए थे। मैच का पहला छक्का क्रिस गेल ने आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर जमाया। कोहली ने गेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की। केकेआर के लिए खतरनाक होती जा रही इस जोड़ी को जैक कैलिस ने अलग किया। उन्होंने कोहली को 17 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। कोहली ने अपनी पारी में 14 गेंदों का सामना किया और दो चौके जमाए।

पहला चौका छठे ओवर में
बेंगलुरू की पारी का पहला चौका छठे ओवर की चौथी गेंद पर विराट कोहली ने लगाया। पावर प्ले (छह ओवर) खत्म होने तक बेंगलुरू ने एक विकेट खोकर 22 रन बनाए थे।
आरसीबी की रंग में रंगा स्टेडियम
रांची का स्टेडियम केकेआर का होम ग्राउंड है लेकिन ज्यादातर दर्शकों का समर्थन रॉयल चैलेंजर्स के साथ था। हर स्टैंड में लाल जर्सी या कैप पहने दर्शकों की बहुतायत दिखी। हालांकि दर्शकों ने दोनों ही टीमों का उत्साह बढ़ाया।
धौनी ने किया ट्वीट
रांची के दर्शकों को एक और बड़ा मैच देखने का मौका मिला है। मुझे अपने शहर से बहुत प्यार है और मुझे उम्मीद है कि दोनों टीमें खूबसूरत स्टेडियम और बेहतरीन विकेट पर रांची के दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।