पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एयरपोर्ट जैसी होगी रांची रेलवे स्टेशन की सुरक्षा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची. रांची रेलवे स्टेशन की सुरक्षा अब एयरपोर्ट जैसी होगी। दरअसल रेलवे ने रांची स्टेशन के लिए इंट्रीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम को मंजूरी दे दी है। इसके तहत न सिर्फ रेलवे स्टेशन पर आने वाले हर शख्स पर खुफिया कैमरे की नजर रहेगी, बल्कि परिसर में घुसने वाली हर गाड़ी में लगी नंबर प्लेट और ड्राइवर की तस्वीर भी खींची जाएगी। जरूरत पडऩे पर बैग को एक्स-रे स्कैनर से चेक किया जाएगा और बम निरोधक दस्ता और उपकरण रेलवे के पास मौजूद रहेंगे।

इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी के तहत स्टेशन के करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में चहारदीवारी बनाई जा रही है। इसकी ऊंचाई करीब छह फुट होगी। उसके ऊपर 'वाईÓ अक्षर की आकार में तार लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, इनमें बीच में कनसेनटीना वायर लगाया जाएगा, जो काफी नुकीला होता है और इसके ब्लेड काफी धारदार होते हैं। यह प्रोजेक्ट चार करोड़ रुपए का है। इस पर शीघ्र काम शुरू किया जाएगा।

ऐसी होगी सुरक्षा

एयरपोर्ट पर इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम होता है। इसके तहत स्टेशन के अंदर जाने और बाहर आने वाले सिर्फ एक-एक द्वार होंगे। साथ ही संदिग्ध लोगों पर सीसीटीवी के माध्यम से कंट्रोल रूम में नजर रखी जाएगी। अनहोनी या कोई गड़बड़ी होने की सूचना स्टेशन परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मी को कंट्रोल रूम से ही दी जाएगी।

शीघ्र शुरू होगा काम

स्टेशन को चारों ओर घेरने का काम चार से पांच माह में पूरा करना है। इसके लिए टेंडर निकल चुका है। संबंधित एजेंसी को दीवार बनाने के साथ ही कनसेनटीना वायर भी लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। हाल में डीआरएम दीपक कश्यप ने कहा था कि इसका काम शीघ्र शुरू होगा। उनके अनुसार अगले कुछ दिन में काम शुरू हो जाएगा।

स्केनर भी लगेगा

सीनियर डीएससी एके दास ने बताया कि स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसा ही बैगेज स्केनर भी लगाया जाएगा। इसके लिए रेल मंत्रालय से मांग की जा चुकी है। इस पर जल्द ही जवाब आने की उम्मीद है। इसके लगने से यात्रियों के हर बैग की चेकिंग स्कैनर के द्वारा हो सकेगी। इससे स्टेशन की सुरक्षा को और मजबूती मिल सकेगी।