(जीत का जश्न मनाती रांची रेज की टीम।)
रांची । अपने होम टर्फ में मंगलवार को रांची रेज ने जेपी पंजाब वाॅरियर्स काे 3-2 से हराकर उसके विजय रथ को रोक दिया। इसके साथ ही रांची रेज की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। एचआईएल-3 में पहली बार दोनों टीमों के बीच रांची में मैच हुआ। पंजाब वॉरियर्स की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
अनुमान लगाया जा रहा था कि दोनों टीमों के बीच रांची में जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा और हुआ भी ऐसा ही। पहले तीन क्वार्टर तक रांची रेज की पंजाब पर 2-0 गोलकर भारी दिख रही थी, लेकिन चौथे क्वार्टर में पंजाब ने शानदार कम बैक करते हुए दो मिनट के अंतराल में रांची रेज के गोलपोस्ट में दो गोल दाग दिए। एक समय ऐसा लगने लगा कि पंजाब तीसरा गोल कर अपने जीतने का सिलसिला कायम रखेगी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।
रांची रेज टीम के बैक बोन बैरी मिडल्टन के शानदार पास को नौ नंबर जर्सी पहने स्टालिनी ने हुक कर पंजाब के गोलपोस्ट में गेंद डाल दिया। मैच खत्म होने के कुछ मिनट पहले पंजाब को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रांची के मजबूत डिफेंडर वीरेंद्र लकड़ा ने
खूबसूरत बचाव करते हुए गोल बचा लिया। रांची रेज के परविंदर सिंह ने मैच के 13वें मिनट में पहला गोल किया।
इसके बाद रांची रेज को तीसरे क्वार्टर में चौथा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे टीम के कप्तान एश्ले जैक्सन ने 45 मिनट में गोल में तब्दील कर दिया। इस तरह रांची रेज मैच में 2-0 से आगे बढ़त बना ली। तीसरे क्वार्टर में पंजाब ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन रांची रेज के मजबूत डिफेंस के सामने उनकी एक न चली। चौथे क्वार्टर में पंजाब की ओर से पहला गोल पेनाल्टी कॉर्नर की मदद से माजीली आगस्टीन ने 47 मिनट में किया। वहीं दूसरा गोल सतबीर सिंह ने 49वें मिनट में किया।
दोनों के 29-29 प्वाइंट
एचआईएल-3 में रांची रेज और पंजाब वॉरियर्स ने अब तक कुल आठ-आठ मैच खेले हैं। और दोनों टीमों के 29-29 प्वाइंट हैं। रांची रेज का अब अगला मुकाबला 14 फरवरी को दिल्ली में दिल्ली वेवराइडर्स और 17 फरवरी को मोहाली में जेपी पंजाब वॉरियर्स के साथ होगा। अंक तालिका में रांची रेज दूसरे और पंजाब पहले नंबर पर है। वहीं यूपी विजार्ड्स की टीम 20 प्वाइंट के साथ तीसरे स्थान पर जमी हुई है।
खचाखच भरा था स्टेडियम
रांची रेज और पंजाब वॉरियर्स के बीच रांची में एचआईएल-3 का आखिरी मैच खेला गया। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम पूरी तरह से हाउसफुल था। मैच के दौरान दर्शकों ने रांची रेज जमकर हौंसला बढ़ाया। रांची रेज ने भी दर्शकों को निराश नहीं किया और अपने होम टर्फ में लगातार तीसरी बड़ी जीत दर्ज करते की।