रांची. कचहरी चौक स्थित इंप्लायमेंट एक्सचेंज में करियर हेल्प लाइन सह कॉल सेंटर का उद्घाटन शुक्रवार को श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री केएन त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर थोड़ी देर के लिए वह सेंटर पर बैठे भी। तभी एक फोन आया। कॉलर ने उधर से खुद को एक बेरोजगार युवक नाम नवीन मिश्रा और पता अतौला, गढ़वा बताया। इधर, फोन का रिसीवर मंत्री के हाथ में था। उन्होंने कहा कि मैं मंत्री केएन त्रिपाठी बोल रहा हूं। आप अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। यह सेंटर आठ घंटे खुला रहेगा। यहां से करियर संबंधी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। यह टोल फ्री नंबर है।
सेंटर के उद्घाटन के बाद मंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही राज्यभर के इंप्लायमेंट एक्सचेंज का नाम बदलकर झारखंड करियर सेंटर किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। इसका मकसद शिक्षित बेरोजगार युवकों को रोजगार मुहैया कराने के साथ-साथ जो बच जाते हैं, उनके लिए ट्रेनिंग देना है। ताकि वे लोन लेकर स्वरोजगार कर सकें। लोन पर उन्हें कोई ब्याज नहीं देना होगा। ब्याज सरकार देगी। मंत्री ने कहा कि राज्य में करीब 40 से 50 लाख बेरोजगार युवक-युवतियां हैं।
निबंध पखवाड़ा अगले माह
विभाग की ओर से कंपनियों को इंप्लायमेंट एक्सचेंज में रजिस्ट्रेशन के लिए पखवाड़ा शुरू किया जाएगा। यह पखवाड़ा एक अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसकी सूचना सभी कंपनियों को भेजी जा रही है।
वेब पोर्टल पर कराएं रजिस्ट्रेशन : राहुल
विभागीय सचिव राहुल शर्मा ने कहा कि अब युवक-युवतियों को इंप्लायमेंट एक्सचेंज में आकर रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है। वे अपने कॉलेज, घर या इंटरनेट कैफे से ही रजिस्ट्रेशन कराकर कागजात को डाउनलोड भी कर सकते हैं। उन्होंने कंपनियों से भी अपना रजिस्ट्रेशन जल्द से जल्द करा लेने को कहा। क्योंकि अब उन्हें भी अपने लिए उम्मीदवारों को खोजने के लिए भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे पोर्टल पर जाकर सही उम्मीदवार का चुनाव कर सकते हैं।