पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. रजरप्पा स्थित शक्तिपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर का कायाकल्प होगा। इस धार्मिक स्थल को अब पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने मंदिर का मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके अनुसार मंदिर परिसर को विकसित करने पर 10 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। आर्किटेक्ट राजीव चड्ढा ने इसे इस तरह डिजाइन किया है कि आसपास की दुकानों को उजाड़े बिना मंदिर परिसर को खूबसूरत बनाया जा सके। साथ ही मंदिर के पीछे स्थित भैरवी और दामोदर नदी के संगम स्थल पर लक्ष्मण झूला बनाने की योजना है।
ऐसा है मास्टर प्लान
करीब 24 एकड़ में फैले मंदिर परिसर में पांच एकड़ जमीन पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है। यहां बड़े और छोटे वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। मंदिर तक पहुंचने के लिए गोला और रांची, दोनों ओर से रास्ता बनाया गया है। मंदिर परिसर तक 70 फीट चौड़ी सड़क बनाने की योजना है। इसके दोनों ओर 200 कियोस्क बनेंगे। इसमें दुकानें शिफ्ट की जाएंगी।
जल्द शुरू होगा काम, खर्च होंगे 10 करोड़ रुपए
लक्ष्मण झूला होगा आकर्षक
मंदिर के पीछे स्थित तांत्रिक स्थल के सामने लक्ष्मण झूला बनाया जाएगा। लगभग 500 फीट लंबे इस झूले से लोग संगम स्थल की मनोरम छटा का आनंद उठा सकेंगे। मां छिन्नमस्तिका मंदिर के सामने स्थित शिव मंदिर और बिरला धर्मशाला स्थल के विस्तार और गार्डन व पार्क बनाने की भी योजना है।
रजरप्पा मंदिर परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। शीघ्र ही इस पर काम शुरू किया जाएगा। विष्णु कुमार, सचिव, पर्यटन विभाग
मास्टर प्लान लागू होने के बाद मंदिर परिसर की खूबसूरती बढ़ जाएगी। संगम तट पर लक्ष्मण झूला बनने से पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा। राजीव चड्ढा, आर्किटेक्ट
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.