रांची. रिम्स डीम्ड यूनिवर्सिटी बनेगा। इस संबंध में जल्द ही रिम्स शासी निकाय की बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा। इसकी तैयारी रिम्स प्रबंधन ने शुरू कर दी है। हालांकि, डॉ. तुलसी महतो ने निदेशक बनने के बाद आयोजित निकाय की बैठक में डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रस्ताव को शामिल किया था। लेकिन तब अंतिम निर्णय नहीं हो सका था।
अगर, रिम्स डीम्ड यूनिवर्सिटी बन जाएगा तो संस्थान परीक्षा आयोजित करने, रिजल्ट प्रकाशित करने से लेकर डिग्री देने तक का काम स्वयं करेगा। साथ ही टीचिंग और एग्जाम सिस्टम में सुधार हो सकेगा। फिलहाल, रांची यूनिवर्सिटी द्वारा रिम्स में परीक्षा संचालित की जा रही है।
प्रबंधन के अनुसार रिम्स में एमबीबीएस कोर्स, एमडी, एमसीएच, एमएस कोर्स, बीएससी नर्सिग कॉलेज, नर्सिग स्कूल, पारा मेडिकल कोर्स समेत अन्य कई प्रकार के कोर्स संचालित हो रहे हैं। एक संस्थान के अंदर इतने सारे कोर्स की पढ़ाई हो रही है। इसलिए इसे डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूप में मान्यता जरूरी है।
हंगामे से साख पर असर
रिम्स के एमबीबीएस से लेकर नर्सिग कॉलेज तक के स्टूडेंट्स रांची यूनिवर्सिटी कैंपस में हंगामा करते हैं। इससे आरयू के अलावा रिम्स की साख पर भी असर पड़ रहा है। हाल ही में नर्सिग कॉलेज की छात्राओं के प्रदर्शन से निदेशक डॉ. तुलसी महतो की खूब फजीहत हुई थी। उन्होंने स्वीकार भी किया है कि उनके जीवन का सबसे शर्मनाक दिन रहा।
कई हैं चुनौतियां
: संस्थान में आए दिन अनुशासनहीनता देखने को मिलती है। डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा पाने के बाद छात्रों के हंगामे और शिक्षकों के प्रदर्शन जैसी गतिविधियों पर रोक लगाना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
: रिम्स में होने वाली परीक्षाओं में आए दिन फॉर्म भरने, प्रश्नपत्र को लेकर, परीक्षार्थियों को जबरन पास किए जाने का दबाव और सेशन नियमित करने जैसे मामले भी महत्वपूर्ण हैं।
ये बनेगा रोड़ा
: कुलपति के साथ हाल में हुए र्दुव्यवहार जैसी घटनाओं दाग रिम्स पर है। डीम्ड यूनिवर्सिटी बनाने के लिए विचार होगा तो ये मामले चर्चा का विषय बनेंगे। हो सकता है कि यही मामले इसक राह में रोड़ा बन जाएं।
मेरा सपना है डीम्ड यूनिवर्सिटी
निदेशक बनने के बाद से ही मैं संस्थान को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दिलाने की कोशिश कर रहा हूं। शासी परिषद की बैठक में इस बाबत एक बार प्रस्ताव भी रखा था, मगर उस पर निर्णय नहीं हो सका। इसलिए फिर से बैठक में प्रस्ताव लाने की तैयारी हो रही है। संस्थान को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिले, यह मेरा सपना है। इसे पूरा करने का मैं हरसंभव प्रयास करूंगा
डॉ. तुलसी महतो, निदेशक, रिम्स