रांची/कर्रा. घुनसुली गांव निवासी सिकंदर लोहरा ने दूसरी शादी रचाने की नियत से गर्भवती पत्नी तीतरी उरईन (20) को जला कर मार डाला। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी भेज दिया। जानकारी के अनुसार सिकंदर लोहरा ने पहले पत्नी तीतरी की हत्या की। उसके बाद हत्या को घटना का रंग देने के लिए घर में आग लगा कर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद शादी समारोह में चला गया।
खूंटी एसपी एम. तमिलवाणन ने बताया : खूंटी एसपी एम. तमिलवाणन ने बताया कि आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। उसने दो साल पहले तुमना गांव के बोड़ा उरांव की बेटी तीतरी उरइन से प्रेम विवाह किया था। बाद में उसे प्रताड़ित करने लगा। कुछ दिन पहले उसने तीतरी को छोड़ने का प्रयास किया था।
लेकिन गांव की पंचायत के दबाव में वह ऐसा नहीं कर सका। इसी बीच आर्मी में उसका सेलेक्शन हो गया। 21 मई को ज्वाइन करने जाने वाला था। इससे पहले वह दूसरी शादी करना चाहता था। लेकिन तीतरी इसमें रोड़ा बनी हुई थी। इसलिए उसने तीतरी की हत्या कर दी।
इधर, तीतरी के पिता बोड़ा उरांव ने बताया कि सिकंदर लोहरा काफी दिनों से उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था। उसने सबके सामने भी कई बार दूसरी शादी करने का इरादा जाहिर किया था।