रांची.लॉटरी के 25 लाख पाने के लालच में एक युवक ठगा गया और कर्जदार बना बैठा। सर्जन डॉ. आरएस दास के यहां काम करने वाला गुमला का रामचंद्र मुंडा 64 हजार रुपए गंवा चुका है। उसे शाहरुख खान डिश टीवी कंपनी के नाम से फोन आया कि उसे 25 लाख रुपए की लॉटरी लगी है। पर, उसे इनकम टैक्स के रूप में पहले पैसे जमा कराने होंगे।
उसने तीन किस्तों में पैसे भी चुकाए। पर, उसे मिला कुछ नहीं। अब वह प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी में है। मुंडा ने बताया कि 17 अप्रैल को रेहान पटेल नामक व्यक्ति का फोन आया कि लॉटरी लगी है। इनकम टैक्स के रूप में 18 हजार बैंक ऑफ इंडिया के खाताधारी शैलेंद्र दास के अकाउंट में जमा किया। 22 अप्रैल को 25 हजार और दो मई को 21 हजार रुपए जमा कराए। इसी दिन उसे 31 हजार रुपए और डालने को कहा और साथ ही शाहरुख खान से बात कराने का लालच भी दिया गया। सर्जन डॉ. आरएस दास ने कहा कि मुझे काफी बाद में इसकी जानकारी मिली। वह अपने स्तर से वह अकाउंट में रकम डालते चला गया। ऐसे ठगों को पुलिस चिन्हित कर कार्रवाई करे।