रांची. राजधानी में फुटपाथ दुकानदारों पर लगातार हो रही पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में सभी फुटपाथ दुकानदार एकजुट हो गए हैं। फुटपाथ दुकानदारों ने गुरुवार को जिला स्कूल परिसर से रैली निकाली और नगर निगम का घेराव किया। रांची फुटपाथ दुकानदार हॉकर्स संघ की महासचिव अनिता दास के नेतृत्व में हजारों फुटपाथ दुकानदारों ने निगम मुख्यालय का घेराव कर निगम प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
फुटपाथ दुकानदारों के प्रदर्शन के कारण निगम में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह बंद हो गया। लगभग दो घंटे तक निगम मुख्यालय के समक्ष फुटपाथ दुकानदारों ने कब्जा जमाए रखा। दुकानदारों ने कहा कि फुटपाथ दुकानदारों को उजाड़ा गया, तो वे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
निगम मुख्यालय के समक्ष अनिश्चितकाल के लिए धरना पर बैठ जाएंगे। इसके बाद संघ की ओर से मेयर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर संघ की टाउन वेंडिंग कमेटी अध्यक्ष शर्मिला नेवार, संघ के अध्यक्ष दीपक सिंह सहित नागाबाबा खटाल, लालपुर सब्जी मंडी, मेन रोड के फुटपाथ दुकानदार, रातू रोड के फुटपाथ दुकानदार उपस्थित थे।
हॉकरों का सर्वे कराने की मांग
रांची फुटपाथ दुकानदार हॉकर्स संघ की ओर से मेयर को ज्ञापन सौंप कर टाउन वेंडिंग कमेटी को कार्यशील करते हुए शीघ्र बैठक बुलाने की मांग की गई है। साथ ही फुटपाथ दुकानदारों का सर्वे, रजिस्ट्रेशन और प्रमाण पत्र जारी करने, हॉकरों को उजाड़ने से पहले वेंडिंग जोन में उन्हें बसाने, किराए के आवास में रह रहे हॉकरों को जेएनएनयूआरएम और राजीव आवास योजना के तहत मकान की व्यवस्था करने और बीपीएल परिवार को मिल रही सुविधाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई है।
दिनभर फुटपाथ दिखा सूना-सूना
फुटपाथ दुकानदारों के प्रदर्शन कार्यक्रम के कारण आज शहर में कई स्थानों पर फुटपाथ सूना-सूना दिखा। नागाबाबा खटाल में एक भी दुकानें नहीं लगी। वहीं लालपुर चौक से आगे लगने वाले मार्केट में भी फुटपाथ दुकानदार नहीं बैठे। मेन रोड में भी आम दिनों की तरह फुटपाथ दुकानदारों की भीड़ नहीं देखी गई।