पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सिब्ते रजी के पुत्र को भी अवैध ढंग से मिली नौकरी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बोकारो/रांची. बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में झारखंड के पूर्व राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी के पुत्र सैयद मोहम्मद रजी सहित दर्जनभर लोगों को अवैध तरीके से नियुक्त किया गया था। सीबीआई धनबाद की टीम ने यह खुलासा किया। सीबीआई ने मंगलवार को कांड संख्या 1 ए/2014 और 2 ए/2014 दर्ज किया है। इसमें मोहम्मद रजी, बीएसएल के पूर्व एमडी वीके श्रीवास्तव और पूर्व एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर जीवेश मिश्रा सहित 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में सात रिटायर्ड अधिकारी और अवैध तरीके से नौकरी पाने वाले शामिल हैं।

सीबीआई धनबाद और रांची की टीम ने मंगलवार को 10 शहरों में आरोपियों के 36 ठिकानों पर छापेमारी की। टीम के करीब 100 अफसरों व कर्मचारियों ने रांची, बोकारो, दिल्ली व भोपाल आदि में आरोपियों के ठिकानों को खंगाला।
क्या है मामला : वर्ष 2007-08 में बोकारो स्टील प्लांट में सेल के विभिन्न उपक्रमों के लिए नियुक्ति हुई थी। नियुक्ति का विज्ञापन बोकारो से निकाला गया था। सभी नियुक्तियां एक्जीक्यूटिव व नॉन एक्जीक्यूटिव पद पर हुई। आरोप है कि सारे नियमों को ताक पर रखकर खास-खास लोगों के पुत्रों को नौकरी दी गई।

10 शहरों के 36 ठिकानों पर छापेमारी

इन शहरों में हुई छापेमारी

रांची, बोकारो, पटना, आरा, दिल्ली, गाजियाबाद, भुवनेश्वर, भिलाई, जबलपुर, भोपाल और मुंबई के 36 स्थानों पर।

क्या-क्या हुआ बरामद

नियुक्ति से जुड़े कागजात, अफसरों और नियुक्त होने वालों के बैंक पास बुक, निवेश से जुड़े कागजात, जमीन के दस्तावेज।

जिनके यहां हुई छापेमारी

वीके श्रीवास्तव (बीएसएल के तत्कालीन एमडी), एके मेहरोत्रा (डीजीएम, बीएसएल), आरके नरुला ( तत्कालीन जीएम), एएस हेम्ब्रम (तत्कालीन एजीएम), आरएन झा (तत्कालीन एजीएम), एके सिंह (तत्कालीन चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर) एवं संतोष कुमार, विश्वदीप साहनी, रत्नेश कुमार, राजेश कुमार सिंह, संजय कुमार मिश्रा, असीम कुमार गोप, मुकेश कुमार सिंह, मो. शमीम रजक।

पूर्व केंद्रीय मंत्री के बेटे के घर भी छापे

सीबीआई ने भोपाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया के पुत्र राजकुमार के बंगले पर भी छापा मारा। यहां से नौकरी से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए।