पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है।

झारखंड में खुलेगी स्पोटर्स यूनिवर्सिटी, माह के अंत तक कैबिनेट में आ सकता है प्रस्ताव

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित अपने कार्यालय में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य में शीघ्र स्पोर्टस एकेडेमी एवं स्पोटर्स यूनिवर्सिटी की स्थापना सुनिश्चित की जाए। उन्होंन इससे संबंधित प्रस्ताव इस माह के अंत तक कैबिनेट के समक्ष लाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें सही प्रशिक्षण एवं सही मार्ग दर्शन की। उन्होंने कहा कि स्पोर्टस एकेडेमी एवं स्पोटर्स विश्वविद्यालय में छात्रों को खेल के लिए प्रशिक्षित करने के साथ ही साथ उनके सामान्य (रेगुलर 1-12 तक की) शिक्षा की भी व्यवस्था आवश्यक है। सामान्यतः अभिभावकों में बच्चों के शैक्षणिक विकास को लेकर चिंता बनी रहती है। खेल के क्षेत्र में बच्चों के विकास के साथ ही साथ उनका सामान्य शैक्षणिक विकास भी आवश्यक है।

बैठक के दौरान जिंफ्रा (झारखंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ऑथोरिटी) के अधिकारियों द्वारा खेल विश्वविद्यालय के विकास पर आधारित एक प्रेजेंटेशन दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल गांव के रूप में राज्य को पूर्व से ही विश्व स्तरीय आधारभूत संरचना प्राप्त है। इनका संरक्षण अत्यावश्यक है, जो इसके सतत् उपयोग से ही संभव है। खेल हेतु एक जगह पर इतनी बड़ी संरचना शायद ही अन्यत्र हो। इसका रख-रखाव नितांत आवश्यक है। स्पोर्टस एकेडेमी एवं खेल विश्वविद्यालय की स्थापना कर इसे सुगमता पूर्वक संरक्षित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय को ज्वाइंट वेंचर मोड पर चलाया जा सकता है। इसे संचालित करने हेतु राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों से विशेषज्ञ आमंत्रित किए जा सकते हैं। राज्य के अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के 25 प्रतिशत छात्र होंगे, जिन्हें प्रशिक्षण एवं भोजन तथा आवासन जैसी अन्य सुविधाएं निशुल्क देने, 25 प्रतिशत झारखण्ड के अन्य छात्र जिन्हें अनुदानित शुल्क पर प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा सकती है। शेष 50 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का चयन राष्ट्रीय स्तर से किया जा सकता है जिनसे प्रशिक्षण एवं भोजन आवसन हेतु शुल्क निर्धारित किया जा सकता है।
बैठक में मुख्य सचिव राजीव गौबा, प्रधान सचिव वित्त राजबाला वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, सचिव कला संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग वंदना डाडेल तथा अन्य वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।