रांची. मैट्रिक परीक्षा 2013 की स्क्रूटनी के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल(जैक) में 15 मई से आवेदन जमा किया जाएगा। स्टूडेंट्स 15 जून तक अधिकतम तीन विषयों के लिए आवेदन दे सकते हैं। प्रति विषय 150 रुपए का ड्राफ्ट जैक में जमा करना होगा। गौरतलब है कि इस बार परीक्षा में 4,69,667 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, इसमें 3,43,583 स्टूडेंट्स सफल हुए।
रिजल्ट का प्रतिशत 73.15 फीसदी रहा। परीक्षा में 1,26,084 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हुए। वहीं भारी संख्या में स्टूडेंट्स अपने प्राप्तांक से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे स्टूडेंट्स स्क्रूटनी के लिए आवेदन दे सकते हैं। स्क्रूटनी के लिए स्टूडेंट्स जैक के रांची कार्यालय सहित दुमका और मेदिनीनगर शाखा में भी आवेदन दे सकते हैं।
यह होगा लाभ
:स्क्रूटनी में कॉपी के अंदर के पृष्ठ पर दिए अंक अगर मुख्य पृष्ठ पर नहीं हो, तो मुख्य पृष्ठ पर सुधार कर अंकित किया जाएगा।
: अगर मूल्यांकन के बाद अंक छूट गया है, तो उसके मूल्यांक में सुधार किया जाएगा।
: प्रश्नों के उत्तर के अंकों का योग गलत होने पर कुल अंक में सुधार किया जाएगा।
त्रुटियों में संशोधन के लिए आवेदन 6 जून तक
जैक ने मैट्रिक प्रमाण पत्रों की त्रुटि में संशोधन का निर्देश जारी कर दिया है। जिन छात्रों के अंक पत्र में नाम, पिता, माता का नाम, जन्म तिथि सूचीकरण संख्या में त्रुटि हो वे आवेदन 6 जून तक संबंधित विद्यालय में नि:शुल्क जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ छात्रों को पंजीयन रसीद, प्रवेश पत्र और अंक पत्र की छाया प्रति भी जमा करना होगा। प्रधानाध्यापक आवेदन 18 जून तक जैक में जमा कराएंगे। निर्धारित तिथि के बाद संशोधन कराने पर 400 रुपए शुल्क देना होगा।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
स्कूट्रनी के इच्छुक स्टूडेंट्स अपने स्कूल के प्रधान से अप्लीकेशन अग्रसारित कराएंगे। इसके साथ अंक पत्र की एक छाया प्रति शुल्क के ड्राफ्ट सहित जैक में जमा करेंगे। संथालपरगना के लिए जैक फंड दुमका, पलामू के लिए जैक फंड डालटनगंज और शेष जगहों के लिए जैक फंड रांची के नाम से ड्राफ्ट देना होगा।
क्रॉस लिस्ट 14 से
मैट्रिक का क्रॉस लिस्ट, अंक पत्र, औपबंधिक प्रमाण पत्र और प्रोविजनल सर्टिफिकेट 14 मई से वितरित किया जाएगा। जैक ने स्कूलों के प्रधान से डीईओ कार्यालय से प्रमाण पत्र प्राप्त करने का निर्देश जारी किया है।
असफल छात्रों के लिए काउंसलिंग जारी
इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा के असफल छात्रों के लिए जैक की ओर से काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है। काउंसलिंग दिन के १1 बजे से शाम चार बजे तक चल रही है। मनोवैज्ञानिकों द्वारा छात्रों को पूर्व की यादों को भूलकर आने वाली चुनौतियों का सामना करने के बारे में बताया जा रहा है। इसके लिए जैक ने टोल फ्री नंबर 18003456523 और 06516453348, 6453342 जारी किया है। स्टूडेंट्स उक्त नंबर्स पर फोन कर मनोवैज्ञानिक से बात कर सकते हैं।
डॉ. शाहिद हसन 10 और 11 मई को, डॉ. रोहिता विकास 13 और 14 मई को और डॉ. विनीता सिंह 15 और 16 मई को छात्रों के सवालों का जवाब देंगे। जैक अध्यक्ष डॉ. आनंद भूषण ने बताया कि इस नई पहल से छात्रों को काफी फायदा हो रहा है। प्रत्येक दिन सैकड़ों छात्रों के फोन कॉल आ रहे हैं। जिनका जवाब दे कर मनोवैज्ञानिक उनकी परेशानियों को दूर कर रहे हैं।