पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Surveillance Cameras Will Be In Puja Pandals

पूजा पंडालों में कैमरे से की जाएगी निगरानी, कर्मचारियों की छुटि्टयां हुई रद्द

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. राजधानी के हर महत्वपूर्ण छोटे-बड़े दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी और फायर फाइटिंग सिस्टम लगाने को कहा गया है। पंडाल में आने-जाने के लिए अलग-अलग द्वार बनाने को भी कहा गया है। यह निर्देश शुक्रवार की रात रांची पुलिस के अधिकारियों ने पूजा पंडाल के पदाधिकारियों को दिया। एक-दो दिनों के अंदर रांची पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी पंडालों का जायजा लेंगे। शुक्रवार की रात साढ़े सात बजे कोतवाली के डीएसपी दीपक अंबष्ट और कोतवाली इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिन्हा पंडालों का जायजा लेने निकले थे।
कोतवाली इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार की रात राजधानी के भारतीय नव युवक संघ, बिहार क्लब, यूथ क्लब, हवन कुंड, दुर्गा बाड़ी, सत्य अमरलोक, आरआर स्पोर्टिंग सहित कई अन्य पंडालों का जायजा लिया गया। एक-दो दिनों के अंदर पंडालों का जायजा सीनियर एसपी और सिटी एसपी भी लेंगे। पूजा पंडाल का पट खुलने से पहले डाग स्क्वायड की भी मदद ली जाएगी।
चलेगा स्वच्छता अभियान
दुर्गा पूजा के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी में नगर निगम जुट गया है। दुर्गा पूजा के दौरान भी निगम के सभी कर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। निगम सीईओ मनोज कुमार ने सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। 28 सितंबर से एक अक्टूबर तक होने वाले अवकाश को को भी रद करते हुए कर्मचारियों को अपने-अपने काम में लगने का निर्देश दिया गया है। वहीं, दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर घोषित अवकाश को भी रद्द कर दिया गया है। इस दिन शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निबटेगा प्रशासन
दुर्गोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीर है और पूजा में अफवाह उड़ाने व माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निबटने की तैयारी है। भक्तों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और जो भी सूचना मिलें, उसे फौरन जिले के अफसरों को दें। चप्पे-चप्पे पर पुलिस अफसरों समेत सैकड़ों महिला व पुरुष जवानों की तैनाती की गई है। 250 से अधिक मजिस्ट्रेट्स के जिम्मे जिले की सुरक्षा की कमान है। वहीं, जिला कंट्रोल रूम में भी आपात स्थिति से निबटने की पूरी तैयारी है। इधर, प्रशासन की ओर से सिर्फ तीन अक्टूबर को ही शराब दुकानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। यानि षष्ठी से नवमी तक शराब बिकेगी।
पूजा तक नालियों का निर्माण रोकने का निर्देश
डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने शुक्रवार को पथ निर्माण रांची प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर पूजा तक नाली का निर्माण नहीं कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा है कि नाली का निर्माण होने से कई स्थानों पर गड्ढ़ा कर छोड़ दिया गया है। पूजा के दौरान दर्शनार्थियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। इधर, मोरहाबादी मैदान में रावण दहन को लेकर जिला प्रशासन ने रूट चार्ट जारी कर दिया है। यह व्यवस्था तीन अक्टूबर को मोरहाबादी मैदान व अरगोड़ा मैदान में होने वाले रावण दहन के लिए लागू रहेगी।