पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Three MLAs Resign On Savita Mahato Rejection

स्पीकर को इस्तीफा देने पर अड़े तीनों विधायक ने कहा, सविता प्रकरण में झामुमो दोषी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची. झामुमो के नाराज तीन विधायक शुक्रवार को पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन से नहीं मिलेंगे। वे एक फरवरी को गुरुजी से भेंट करेंगे। कहा है कि गुरुजी से मिलने के बाद वे विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप देंगे। इसके पहले वे आपस में बैठक करेंगे। विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने पर अड़े झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो, जगन्नाथ महतो व विद्युत वरण महतो ने कहा है कि सविता महतो के राज्यसभा सांसद नहीं बनने के प्रकरण में झामुमो दोषी है। मालूम हो कि बुधवार को पार्टी ने इन तीनों विधायकों को 31 जनवरी को यह कहते हुए बुलाया था कि गुरुजी उनसे मिलना चाहते हैं। एक फरवरी को गुरुजी को दुमका जाना है, ऐसे में पार्टी की कोशिश थी कि 31 को ही नाराज विधायकों को समझा लिया जाए और इस मसले को समाप्त किया जाए।

पार्टी नेताओं के साथ सीएम ने की बैठक

गुरुवार की शाम सीएम हेमंत सोरेन ने पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य और कोर कमेटी के सचिव विनोद पांडेय के साथ अपने सरकारी आवास पर बैठक की। तय हुआ कि सीएम खुद इन विधायकों से बात करेंगे और उन्हें शुक्रवार को ही गुरुजी से मिलने को कहेंगे।

तीनों विधायकों की हो रही निगरानी

झामुमो के कई नेता नाराज इन विधायकों की निगरानी कर रहे हैं। पार्टी नेताओं को जानकारी मिली है कि ये दूसरे दलों के संपर्क में हैं। बहरागोड़ा के विधायक विद्युत वरण महतो के बारे में पहले से ही चर्चा है कि वे भाजपा के संपर्क में हैं, अब इस कड़ी में जगन्नाथ महतो और मथुरा महतो के भी नाम जुड़ गए हैं। सूत्रों का कहना है कि मथुरा महतो ने बुधवार को भाजपा के एक राष्ट्रीय नेता से बात की हैं। हालांकि ये विधायक दूसरे दल में जाने की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं।

पार्टी रवैये से नाराजगी

नाराजगी सरकार से नहीं, पार्टी के रवैए से है। सविता के मसले पर पार्टी दोषी है। एक फरवरी को पहले गुरुजी से भेंट करेंगे, उसके बाद स्पीकर को त्यागपत्र सौंपेंगे। मथुरा महतो, विधायक, टुंडी

त्यागपत्र देंगे तो देखा जाएगा

एक फरवरी को दोपहर बाद मुझे संथाल परगना जाना है। दो को दुमका में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक है। अगर मेरे जाने के पहले किसी विधायक ने मुझे अपना त्यागपत्र दिया तो फिर देखा जाएगा। शशांक शेखर भोक्ता, स्पीकर