रांची. बकरी बाजार स्थित पूजा पंडाल का उद्घाटन 30 सितंबर को दिन के 11.30 बजे होगा। पट खुलते ही मां भवानी सोने के मंदिर में भक्तों को दर्शन देंगी। भारतीय युवक संघ की ओर से पूजा की तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को संघ के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
पंडाल के सामने दिखेगा सरोवर
उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल का निर्माण सोने के मंदिर के प्रारूप पर तैयार किया गया है। पंडाल की चौड़ाई 120 फीट और ऊंचाई 75 फीट है। पंडाल का निर्माण पूरी तरह फाइबर से किया गया है, जिसे स्वर्ण रंग से रंगा गया है। पंडाल के सामने सरोवर का निर्माण किया गया है। इसके ऊपर चलकर भक्त पंडाल के अंदर जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार बकरी बाजार का पंडाल काफी आकर्षक होगा, क्योंकि इस तरह का पहला पंडाल बनाया गया है। वहीं पंडाल के अंदर 35 फीट चौड़ी और 24 फीट ऊंची इको फ्रेंडली प्रतिमा का निर्माण किया गया है। प्रतिमा में कहीं भी कपड़ा का प्रयोग नहीं किया गा है। प्रतिमा का निर्माण मिदनापुर के कुशर ध्वज ने किया है। पूजा परिसर में चारों ओर विद्युत सज्जा की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर 25 निजी सिक्युरिटी गार्ड और आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरा लगा है। मेला घूमने वालों के मनोरंजन के लिए झूले से लेकर लजीज व्यंजनों के दर्जनों स्टॉल लगाए गए हैं। मौके पर निर्मल जालान, शंभू अग्रवाल, बसंत शर्मा, सुरेश चौधरी, रमेश खेमका, मदन बगड़िया, सुरेश भगत, रवि रोहतगी, निर्मल मोदी आदि उपस्थित थे।
बेलवरण के साथ खुल जाएंगे शहर के पूजा पंडाल
राजधानी में दुर्गोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में है। रविवार देर रात तक कारीगर पंडाल के प्रारूपों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अब फिनिशिंग बाकी है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। पूजा समितियों की मानें तो पंडालों के पट 30 सितंबर (महाष्टमी) को शाम में खुलेंगे। इस दिन बेलवरण के साथ ही शाम में पंडालों के पट दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद से दर्शनार्थी मां के दर्शन कर सकेंगे। भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार का पट 30 सितंबर दिन में 11.30 बजे और संग्राम क्लब कचहरी चौक के पंडाल का पट एक अक्टूबर की सुबह में खुलेगा। इस बार मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पांच अक्टूबर को होगा। यह घोषणा पूर्व में महानगर दुर्गा पूजा समिति कर चुकी है।
महाषष्ठी की शाम को यहां खुलेंगे पट
क्लब का नाम पट खुलने का समय
बिहार क्लब - 6.30 बजे
आरआर स्पोर्टिंग क्लब - 6 बजे
कोकर दुर्गापूजा समिति - सात बजे
चंद्रशेखर आजाद क्लब - शाम में
सत्य अमर लोक हरमू रोड - 7.30 बजे
सरकारी बस डिपो - सात बजे
रेलवे स्टेशन - शाम में
पंच मंदिर हरमू - शाम में
आगे की स्लाइड्स में देखिए तस्वीरें।