पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची। बहू बाजार चौराहे पर तैनात ट्रैफिक थाने के दो पुलिसकर्मी गुरुवार की शाम आपस में ही भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी। खुलेआम चल रहे पुलिसिया घूंसा-लात को देखने के लिए देखते ही देखते तमाशबीनों की भीड़ लग गई। कुछ देर बाद भीड़ से निकले कुछ लोगों ने दो में से एक सिपाही को धुन दिया।
पता चला दोनों ही सिपाही नशे में धुत थे
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक एसपी राजीव रंजन सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर तेतरू उरांव को दी गई है। वह जल्द ही मामले की जांच रिपोर्ट एसपी को सौंपेंगे, तब आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या है मामला
ट्रैफिक एसपी ने बताया कि जांच में अब तक पता चला है कि जमादार एवी प्रसाद और होमगार्ड जवान सी शर्मा बहू बाजार चौराहे पर तैनात थे। दोनों नशे में थे। इसी क्रम में कोई राहगीर सिग्नल तोड़ आगे निकल गया। प्रसाद के कहने पर शर्मा ने उसे रोक लिया। उसी समय शर्मा के पास पैरवी आ गई। शर्मा उसे छोडऩा चाहता था लेकिन प्रसाद इसके लिए तैयार नहीं था। प्रसाद का तर्क था कि जब पकड़ लिया है,
तो बिना जुर्माना क्यों छोड़ा जाए। इसी बात पर दोनों भिड़ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों में मारपीट होने लगी। मारपीट की खबर पाकर चुटिया पुलिस मौके पर पहुंच गई और मारपीट कर रहे दोनों पुलिसकर्मियों को थाने ले गई। इसके बाद घटना की जानकारी ट्रैफिक एसपी राजीव रंजन सिंह को दी गई। एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई।
हो सकता है निलंबन
जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने की संभावना है। इसके संकेत ट्रैफिक एसपी ने दिए हैं। एसपी का कहना है कि यह घोर अनुशासनहीनता है और छवि खराब करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.