पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. प्रदेश प्रभारी एवं एआईसीसी के महासचिव बीके हरिप्रसाद ने गुरुवार को कहा कि कुछ ताकतें गांधी की विचारधारा को खत्म करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने इशारों में गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी पर सोनिया गांधी एवं कांग्रेस के खिलाफ पूरे भारत में बोलने का आरोप लगाते हुए हैरत जतलाई कि पीएम पद का यह भाजपाई उम्मीदवार अपनी किसी सभा में एक बार भी महात्मा गांधी का नाम नहीं लेता है। यह काफी शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि जब ब्रिटिश सरकार कांग्रेस मुक्त भारत नहीं कर सकी, तो नरेंद्र मोदी क्या कर पाएंगे। बल्कि कांग्रेस ही इस चुनाव में भारत को नरेंद्र मोदी मुक्त करा देगी। हरिप्रसाद रांची के मोरहाबादी मैदान में महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर कांग्रेस की सत्य संकल्प रैली में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
हरिप्रसाद ने कहा कि अगर जनता विकास के नाम पर वोट देती है, तो कांग्रेस को कोई शक्ति नहीं हरा सकती है। जबकि भाजपा विकास के नाम पर विनाश ही करेगी। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो की प्रशंसा करते हुए कहा कि सोनिया गांधी ऐसी महिला हैं जिन्होंने पीएम का पद भी ठुकरा दिया, जो कोई नहीं कर सकता। हरिप्रसाद ने संघ का नाम लिए बिना ही कहा कि खाकी वालों ने नाथूराम गोडसे नामक देश को एक बड़ा आतंकवादी दिया था। वहीं अटल बिहारी वाजपेयी 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जब गिरफ्तार हुए, तो उन्होंने माफी मांग कर खुद को छुड़ाया था।
भाजपा राम मंदिर चाहती है और कांग्रेस रामराज : सुखदेव
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि देश के लोगों को यह सोचना होगा कि उन्हें गोडसे की विचारधारा चाहिए या गांधी की। कांग्रेस देश में अमन चैन और भाईचारा चाहती है। कांग्रेस के पास नीति-सिद्धांत है। विपक्ष के पास सिर्फ भावना है और भावना के सहारे देश चलाना चाहती है। वह राम मंदिर चाहती है और कांग्रेस रामराज।
गांधी के विचारों की हत्या नहीं करने देंगे : सुबोधकांत
सांसद सुबोधकांत सहाय ने कहा कि पहले महात्मा गांधी की हत्या की गई, अब उनके विचारों पर हमला किया जा रहा है। राजनीति में नई चीजें दबंगता और बेशर्मी को लाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि बापू के विचारधारा की हत्या नहीं होने दी जाएगी।
बापू के पदचिन्हों पर ही चलना है : राजेंद्र
झारखंड सरकार के मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बापू आज भी प्रेरणा के स्रोत हैं और रहेंगे। हमें उनके पदचिन्हों पर चलने का शपथ लेना है। वह सत्य व अहिंसा के पुजारी थे। अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया।
गांधी ने देश की एकता के लिए कुर्बानी दी : गीताश्री
शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की एकता व धर्मनिरपेक्षता के लिए अपना बलिदान दे दिया। उन्होंने सत्य एवं अहिंसा का नारा दिया और सर्वधर्म सद्भाव की कामना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.