रांची. झारखंड की महिला हॉकी टीम ने केरल में चल रहे 35वें राष्ट्रीय खेलों में बुधवार को ओड़िशा को 2-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। दूसरी ओर पुरुष टीम ने भी अच्छा खेल दिखाया, लेकिन पेनाल्टी शूटआउट में हरियाणा से 7-6 से हारकर कांस्य पदक से चूक गई। महिला प्ले ऑफ के मैच में झारखंडी महिलाओं ने मैच में शुरू से ओड़िशा पर दबाव बनाए रखा और 12वें मिनट में कांता प्रधान मे शानदार गोल कर झारखंड को बढ़त दिलाई।
एक गोल से पिछड़ने के बाद ओड़िशा ने कई हमले किए, लेकिन उसे कोई लाभ नहीं मिला। पहले क्वार्टर के खेल खत्म होने तक झारखंड 1-0 से आगे रहा। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल के कई मौके गंवाए। तीसरे क्वार्टर शुरू होते ही झारखंड ने विपक्षी टीम पर प्रहार किया और 38वें मिनट में बसंती कच्छप की शानदार हिट से 2-0 की बढ़त बनाई। यह स्कोर आखिर तक रहा।
पुरुष हॉकी में झारखंड को हरियाणा ने हराया
नेशनल गेम्स में खेल रही झारखंड पुरुष हॉकी टीम को बुधवार को हार का मुंह देखना पड़ा। उसे हरियाणा ने मात दी। झारखंड और हरियाणा की टीम निर्धारित समय तक 2-2 गोल कर बराबरी पर रही। झारखंड की ओर से भूषण कुजूर व अमरजीत एक्का ने गोल दागे। मैच बराबर रहने पर रिजल्ट पेनाल्टी शूट से निकाला गया। इसमें हरियाणा ने 7-6 से मैच जीत लिया।
वुशु में दीपक बहादुर ने दिलाया ब्रॉन्ज
वुशु में झारखंड के दीपक बहादुर ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं, 65 किग्रा भार वर्ग में राहुल मिंज, 52 किग्रा अमाशी बारला और 60 किग्रा में कौशल्या लोहरा पहला राउंड जीतने के बाद मेडल की दौड़ में आ गए हैं।