पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जेवियर कॉलेज में अफवाह का बम, अफरा-तफरी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची. जेवियर कॉलेज में मंगलवार को बम की अफवाह से अफरा-तफरी मच गई। मंगलवार को ही यहां जेवियर उत्सव शुरू हुआ है और करीब 10 हजार छात्र-छात्राओं की भीड़ थी। अफवाह के बाद तेजी से सभी को बाहर निकाला गया। खबर फैलते ही आधे घंटे में पूरा कॉलेज परिसर छावनी में तब्दील हो गया। फिर कैंपस के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हालांकि, यह कोरी अफवाह ही निकली। बम की सूचना मिलते ही कई थानों के थानेदार, डीएसपी, झारखंड जगुआर के जवान, डॉग स्क्वॉयड, बम निरोधक दस्ता जेवियर कॉलेज पहुंच गए थे।

सिटी डीएसपी का कहना था कि किसी ने जानबूझकर ऐसी शरारत की। लेकिन, पुलिस ऐसी सूचना की अनदेखी नहीं कर सकती थी।अच्छी तरह जांच के बाद ही तसल्ली हुई और वहां चल रहे कार्यक्रम को शुरू करने की इजाजत दी गई। दूसरी ओर, छात्रों का कहना था कि उनके प्रोग्राम में व्यवधान डालने के लिए किसी ने ऐसा किया।

बाहरी युवक की करतूत

जेवियर कॉलेज के इवेंट प्रभारी कमल बोस ने बताया कि कॉलेज में मंगलवार से उत्सव शुरू हुआ। गेट पर बाहरी छात्रों को रोका जा रहा था। लगता है किसी बाहरी युवक ने ही अफवाह फैला दी होगी और इतना बड़ा तमाशा हो गया।

थाना में आया था फोन

सिटी डीएसपी पीएन सिंह ने कहा कि चुटिया थाने के पीएनटी पर एक युवक का फोन आया था। उसने कहा कि जेवियर कॉलेज में काफी भीड़ है और वहां किसी ने बम रख दिया है। पुलिस के नाम पूछने पर उसने फोन काट दिया। चुटिया थाना पुलिस ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद चार थानों की पुलिस समेत डीएसपी कॉलेज पहुंचे और डॉग स्क्वॉयड को बुलाया। इसके बाद हर बैग, कॉलेज के हर कोने की जांच की गई।झारखंड जगुआर का बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंच गया था।लेकिन, कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।