हजारीबाग. उग्रवादी संगठन झारखंड टाइगर ग्रुप से संबंधों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव के भाई पवन साहू को गिरफ्तार कर लिया। पवन को मार्खम कॉलेज के निकट आवास से दिन के 11 बजे गिरफ्तार किया गया। उससे एसपी कोठी में पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में पवन ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। डीएसपी एचएल रवि ने बताया कि पुलिस इस मामले में योगेंद्र साव के अन्य आरोपी रिश्तेदारों की गिरफ्तारी के लिए छापमारी कर रही है।
साव ने पहले समय मांगा, फिर बयान देने को तैयार
पूर्व मंत्री योगेंद्र साव से पुलिस सोमवार की सुबह पूछताछ करने वाली थी। सवालों की सूची भी तैयार कर ली गई थी। इसी बीच पुलिस को योगेंद्र का अनुरोध पत्र मिला, जिसमें कहा गया कि रविवार को नाेटिस मिलने के पूर्व ही उनका कार्यक्रम तय था। वह इस समय रांची में हैं। इसलिए तय समय पर वे उपस्थित नहीं हो सकेंगे। उन्हें उपस्थित होने के लिए आठ दिनों का समय दिया जाए।
साव ने डीएसपी को किया फोन
पुलिस ने जब उनके चचेरे भाई पवन साहू को गिरफ्तार किया, तो डीएसपी एचएल रवि कोे योगेंद्र साव ने फोन किया। बातचीत के दौरान उन्होंने डीएसपी से कहा कि वे मंगलवार की सुबह 10 बजे पुलिस के समक्ष उपस्थित हो जाएंगे। डीएसपी ने बताया कि योगेंद्र से सदर थाने में पूछताछ की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति को देखते हुए स्थान परिवर्तन किया जा सकता है।