दुमका (जामताड़ा). जिले के जरमुंडी थाना अंतर्गत झकिया गांव में गुरुवार तड़के तीन बजे के करीब पति ने अपने घरवालों की मदद से अपनी पत्नी और डेढ़ साल की बच्ची को जिंदा जला दिया। जिससे मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई। वहीं इस घटना में 90 फीसदी तक जल चुकी महिला की इलाज के लिए बोकारो जाने के क्रम में मौत हो गई।
इस संबंध में मृतका अन्नू देवी (उम्र 25) के पिता रघुनीराणा ने जरमुंडी थाने में हत्या और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में ससुर महेंद्र मसाप व सास विमली देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति गुंजन यादव व देवर डमरू मसाप फरार है। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार श्रीवास्तव भी पहुंचे और मामले की छानबीन की।
जानकारी के अनुसार, गुंजन यादव की शादी इसी थाना क्षेत्र के बलाथर गांव की रहने वाली अन्नू देवी के साथ दो वर्ष पूर्व हुई थी। मृतका अन्नू देवी के पिता रघुनीराणा ने बताया कि बेटी के जन्म के बाद से ही ससुरालवालों द्वारा उनकी पुत्री को आए दिन प्रताडि़त किया जाता था। उसे बेटी जन्म देने को लेकर लगातार ताना मारा जाता था, साथ ही उसके साथ मारपीट की जाती थी। पिता का आरोप है कि हाल के कुछ दिनों से पति द्वारा दहेज की भी मांग की जा रही थी।
गुरुवार तड़के करीब तीन बजे पति गुंजन यादव ने अन्नू को आंगन में चूल्हा जलाकर धान उसनने को कहा। इसी बीच बच्ची के रोने पर अन्नू चूल्हा के पास ही बैठकर उसे दूध पिलाने लगी। तभी पति गुंजन यादव व ससुर महेंद्र मसाप, सास बिमली देवी व देवर डमरू मसाप ने मिलकर उसके ऊपर किरासन तेल छिड़क दिया और आग लगा दी। जिससे घटना स्थल पर ही बच्ची की मौत हो गई, वहीं 90 प्रतिशत जल चुकी अन्नू को दुमका सदर अस्पताल इलाज के लिए लाया गया, जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया। बोकारो जाने के क्रम में ही उसने दम तोड़ दिया।