श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के बाहरी इलाके में लॉ कॉलेज की छात्रा पर तेजाब हमले के खिलाफ
कश्मीर विश्वविद्यालय और स्थानीय लॉ कॉलेज संगठन के छात्रों ने शुक्रवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस घटना को अंजाम देने के बाद कार से फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए इस बीच विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गयी। नौशेरा के बाहरी इलाके में शुक्रवार को छात्रा पर तेजाब फेंकने के लिए जिम्मेदार अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए कश्मीर विश्वविद्यालय के सैंकडों छात्रों ने कॉलेज परिसर के अन्दर प्रदर्शन किया और अपराधी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। इन छात्रों ने हाथों में पकड़े बैनर में लिखा था, तेजाब हमला रोको और अपराधी को गिरफ्तार करो, हालांकि प्रदर्शन पूर्णरूप से शांतिपूर्ण रहा।
इसी की तर्ज पर स्थानीय लॉ कॉलेज के छात्रों ने मुस्ताक प्रैस एन्कलेव के पास यहां धरना प्रदर्शन किया। छात्रों ने पीडि़ता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा इस घटना में शामिल लोगों को फांसी दी जाए जिससे भविष्य में ऐसी हरकत करने से पहले अपराधी उसके परिणाम के बारे में सोचे। नौशेरा शहर के बाहरी इलाके में कार में सवार अज्ञात युवकों ने 21 वर्षीय छात्रा पर तेजाब फेंका।
जिससे वह गंभीररूप से झुलस गयी थी। उसे एस. के. इंस्टीट्यिूट ऑफ मेडिकल सांइस में भर्ती कराया गया। वहां से उसे बेमीना अस्पताल में स्थानांतरित किया गया जहां डॉक्टरों ने बताया पीडिता की आंखें में बुरी तरह से झुलस गयी हैं। राजनीतिक़ धार्मिक और अलगावादी संगठनों ने लड़की पर तेजाब हमले की कड़ी निंदा की और अपराधी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।