श्रीनगर। भाजपा के अध्यक्ष
अमित शाह ने आरोप लगाया कि केन्द्र की ओर से भेजी गई धनराशि
जम्मू कश्मीर के लोगों तक नहीं पहुंच रही है। शाह ने यहां राजबाग क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा
जम्मू कश्मीर में अगली सरकार बनायेगी। उन्होंने किसी राजनीतिक पार्टी का नाम लिये बगैर कहा कि आजादी के बाद से राज्य के लोगों ने सरकार चलाने के लिए सभी पार्टियों को मौका दिया है लेकिन ये पार्टियां विकास करने में विफल रही है। राज्य में अस्पताल नहीं है, समुचित बिजली नहीं है और जल आपूर्ति की स्थिति भी खराब है। उन्होंने कहा कि अब राज्य के संपूर्ण विकास के लिए भाजपा को एक मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला और अब राज्य के संपूर्ण विकास के लिए इस तरह के जनादेश की पार्टी को जरूरत है। शाह ने आरोप लगाया कि राज्य की पूर्ववर्ती सरकारे लोगों के विकास के लिए केन्द्र द्वारा भेजी गई धनराशि को लूटने में लगी रही। देश के अन्य राज्यों ने हरेक क्षेत्र में प्रगति की लेकिन इन भ्रष्ट सरकारों के कारण जम्मू कश्मीर विकास की दौड में पीछे रहा।