श्रीनगर। दक्षिण
कश्मीर के पुलवामा के ख्रियु में स्थित ज्वाला देवी का मंदिर शनिवार की सुबह आग लग गई। आग से भारी नुकसान हुआ है। कश्मीरी पंडित संगठनों और सनातन धर्म सभा ने मंदिर में लगी आग के कारणों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार ख्रियु में एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित भगवती ज्वाला देवी के मंदिर में सुबह अचानक ही आग लग गई। मंदिर के पास ही सुरक्षाबलों की एक चौकी भी हैं। उसमें मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने आग की लपटें देख, पुलिस और दमकल विभाग को सूचित करते हुए बाल्टियों में पानी लेकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन उनके यह प्रयास कामयाब नहीं हो पाए। आग की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन सड़क पर खड़े अपने वाहनों से उन्हें पहाड़ी चोटी पर स्थित मंदिर तक पानी की पाईपों को पहुंचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर बाद ही आग पर काबू पाया जा सका।