जम्मू। आतंकियों के हमले की एक और घटना सामने आई है जिसे नाकाम कर दिया गया। सैन्य वाहनों को निशाने बनाने के लिए आतंकियों ने कुपवाड़ा, हंदवाड़ा रोड़ पर तीन किलो आईईडी लगाई थी। इसे एक बैग में छोड़कर चले गए थे। रिमोट से धमाका किया जाना था, लेकिन समय रहते इसकी जानकारी मिल गई।
रविवार सुबह रोड ओपनिंग पार्टी ने गश्त के दौरान संदिग्ध बैग देखकर वाहनों की आवाजाही रुकवाई। बम निरोधक दस्ते को सूचना दी, जिसने मौके पर आकर इसे नष्ट कर दिया। समय रहते इसे नष्ट करने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस घटना के बाद पुलिस दल सावधान हो गया है।
वहीं दूसरी ओर सेना और पुलिस के जवानों ने हथियारों का जखीरा पकड़ा है। सेना-पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में पुंछ की एलओसी मेंढर के पास हथियारों का जखीरा बरामद किया।
दो राइफल, सात एमएम केलीवर हथियार, एक वोल्ट एक्शन राइफल, सात एमएम पिस्टल, एक यूबीजीएल, एक ग्रेनेड तथा छह रेडियो सेट मिले हैं। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि आतंकी किसी और साजिश को अंजाम देने वाले थे। पुलिस ने आस-पास के इलाकों में भी छान-बीन की है।