श्रीनगर। राज्य में शांति से चल रही चुनाव प्रक्रिया को रोकने की हर कोशिश आतंकवादियों द्वारा की जा रही है। गुरुवार को देश के रक्षा मंत्री
कश्मीर दौरे पर थे। इसी दौरान पाकिस्तान के सैनिकों ने अल सुबह उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की तो शाम को आतंकियों ने अनंतनाग में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। अनंतनाग और शोपियां जिले में चौथे चरण के तहत 14 दिसंबर को मतदान होना है।
इससे पहले सुरक्षाबलों ने आतंकियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। बताया जाता है कि शोपियां में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह की मौजूदगी में बड़ी वारदात करने के लिए पांच किलो आरडीएक्स से तैयार गैस सिलेंडर युक्त एक आइईडी फिट कर दी थी। समय रहते सेना ने इसे बरामद कर एक बड़ी अनहोनी टाल दिया। गुरुवार को यहा पर थोड़ी ही दूरी पर अमित शाह और उमर अब्दुल्ला की रैलियां थीं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शाम को सेना का गश्तीदल हरमेन इलाके में गश्त पर निकला। लाडूरा में गश्तीदल ने एक पुलिया के नीचे आइईडी का पता लगाया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पांच किलो आइईडी को अपने कब्जे में लेकर नकारा बना दिया। इसके कुछ ही घंटे बाद आतंकियों ने अनंतनाग में शेरबाग पुलिस चौकी को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड से हमला किया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पाकिस्तानी सैनिकों ने लगातार दूसरे दिन भी उत्तरी कश्मीर में संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी रखा। बुधवार को गुरेज सेक्टर में गोलीबारी व उड़ी सेक्टर में घुसपैठ के प्रयास के बाद गुरुवार सुबह तीन बजे पाकिस्तान ने उड़ी सेक्टर के सिलीकोट इलाके में भारतीय ठिकानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दागे गए मोर्टार के कई गोले एक अग्रिम चौकी के पास गिरे, लेकिन इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। राज्य में चौथे और पांचवें चरण के चुनाव को देखते हुए सीमा पर गश्त और तेज कर दी गई है।