जम्मू । पाकिस्तानने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सीमा की बीएसएफ की आठ सीमा चौकियों और 10 से ज्यादा गांवों को निशाना बनाया। मोर्टार भी दागे गए। इसमें एक नागरिक घायल हुआ है। फायरिंग के बाद शादियों के मौसम में आयोजन स्थल ही बदल दिए गए हैं। पाकिस्तान की ओर से रात करीब 11 बजे आरएस पुरा सेक्टर में फायरिंग शुरू हुई। नवापिंड, जुगनेचक, जोडा फार्म, कोरूटाना खुर्द चौकियों को चपेट में लिया गया। देर रात को अरनिया सेक्टर में भी चौकियों को निशाना बनाया गया। निकोबाल चौकी पर मार्टार दागे गए।
फायरिंग रात करीब एक बजे तक चलती रही। इस दौरान जोडा फार्म का नागरिक खादिम हुसैन घायल हुआ। वहीं सीमा पार कारोबार रुकने के बाद अब पीओके के अधिकारियों ने कारवां-ए-अमन बस सेवा भी स्थगित कर दी है।