जम्मू। भारत-पाक के बीच तनाव थम नहीं रहा है। सोमवार को पुंछ-रावलकोट की बस भी नहीं जा सकी। इस तरफ से बस सवारियों को लेकर चक्का दा बाग में तयशुदा समय पर पहुंच गई, लेकिन पीओके की तरफ से गेट को नहीं खोला गया। बस में कुल 17 यात्री थे जिसमें 14 पीओके ही नागरिक थे। वहीं दूसरी तरफ सोमवार को कश्मीर के उड़ी सेक्टर की कमान पोस्ट पर भारत तथा पीओके अधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में पीओके डायरेक्टर जरनल ट्रेड एंड ट्रेवलर्स अपने साथियों के साथ आए थे। जबकि इस तरफ से डायरेक्टर कामर्स कश्मीर मोहम्मद जावेद खान, एसडीएम उड़ी अब्दुल अजीज शेख अन्य अधिकारियों के साथ मौजूद थे।
बैठक में गेट खोलने पर बात हुई लेकिन पीओके अधिकारियों की तरफ से साफ कहा गया कि जब तक उनके चालक को नहीं छोड़ा जाता है न तो वह गेट खोल सकते हैं न ही अपने बाकी चालकों को आने देंगे। पिछले दिनों पाकिस्तान के एक ट्रक में भारी मात्रा में ब्राउन शूगर बरामद हुई थी। चालक को गिरफ्तार किया गया था। पाक चालक को छोडऩे की जिद पर अड़ा है।
(प्रतिकात्मक तस्वीर)