प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी सोमवार को
कश्मीर के दौरे पर थे। राज्य में उन्होंने दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया। पहली
जम्मू से 30 किमी दूर विजयपुर में तो दूसरी श्रीनगर में। पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। मोदी ने यहां लोगों से कश्मीर के विकास के लिए बीजेपी को वोट देने की अपील की। साथ ही, भरोसा दिलाया कि वह राज्य की तरक्की के लिए हर मुमकिन कोशिश करेंगे। उन्होंने श्रीनगर में कहा ''मुझे बताया गया कि 1983 के बाद पहली बार किसी ने इस स्टेडियम के अंदर सभा करने की हिम्मत दिखाई। कश्मीर के मेरे भाइयों-बहनों, आपने जो प्यार दिया है, इसे मैं कभी भूल नहीं पाऊंगा। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इस प्यार को ब्याज समेत लौटाऊंगा।'' मोदी ने सेना की फायरिंग में दो कश्मीरी युवकों की मौत के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''30 साल में सेना ने पहली बार गलती कबूली। जो नौजवान मारे गए उनको निर्दोष बताया गया। यह मेरी सरकार के नेक इरादों को दिखाता है।''