(सोनिया की सुरक्षा में तैनात जवान)
जम्मू. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अच्छे दिन के नाम पर
जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। वे जम्मू में मौलाना आजाद स्टेडियम में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रही थी। उनकी रैली के लिए जबर्दस्त सुरक्षा बंदोबस्त किया गया था। चप्पे-चप्पे पर कमांडो तैनात किए गए थे। सोनिया को सुनने खासकर
कश्मीरी महिलाओं का सैलाब उमड़ा था। रैली में उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर बड़े- बड़े लोकलुभावन वादे किये थे, लेकिन कोई भी वादा अब तक साकार रूप नहीं ले सका है।
उन्होंने कहा कि स्वयं मोदी लोकसभा चुनाव के दौरान जनता की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने का वादा करते फिरते थे, लेकिन केंद्र की सत्ता में आने और छह माह गुजर जाने के बाद भी उनकी सरकार ने अब तक कुछ नहीं किया। उन्होंने भाजपा के अच्छे दिन के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि यह नारा फर्जी और निरर्थक साबित हुआ है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह उन विधेयकों और अधिनियमों में संशोधन कर रही है जिसकी रूपरेखा कांग्रेस सरकार ने बनाई थी। भाजपा को केवल औद्योगिक हस्तियों को लाभ दिलाने की दिलचस्पी है। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिये सूचना का अधिकार कानून बनाया था लेकिन भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कुछ बड़ी हस्तियों को बचाने के इस कानून के मौजूदा स्वरूप को ही बदल दिया है।
साध्वी निरंजन ज्योति पर भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति की आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं किये जाने के लिये प्रधानमंत्री की आलोचना की और कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार और संप्रदायवाद के खिलाफ लोगों को सीख देती है, लेकिन वह खुद भी इसी श्रेणी में आते हैं।
आगे की स्लाइड्स में देखें सोनिया के जम्मू रैली की PHOTOS....