श्रीनगर. कश्मीर संभाग के अनंतनाग जिले में एक सरकारी अध्यापक को स्कूल में छोटे-छोटे बच्चों से अपनी टांगों की मसाज करवाना महंगा पड़ गया। जो बच्चे घरों से स्कूल में पढ़ने के लिए आए हुए थे, उन्हें अध्यापक ने अपनी टांगों की मसाज करने के लिए लगा दिया। ऐसा क्लास में ही करवाया जा रहा था। छात्रों को पढ़ाने के बजाय उनसे मसाज करवाई जा रही थी। इतना ही नहीं, टीचर ने अपने एक दोस्त से फोटो भी खिंचवाया। इसके बाद अपना भाव बढ़ाने के लिए फोटो को सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर अपलोड कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अध्यापक बशीर अहमद अनंतनाग के सरकारी स्कूल में तैनात है। वह स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों से ऐसे काम लेता था, जो पूरी तरह से गलत हैं। सोमवार को जब अध्यापक की क्लास शुरू हुई तो बच्चों को पढ़ाने के बजाय वह उनसे मसाज करवाने लग गया। उसने एक-एक करके सभी बच्चों से अपनी टांगों की मसाज करवाई। इतना ही नहीं, उसने अपने एक दोस्त से कहा कि वह उसका मसाज कराते हुए फोटो खींचे, ताकि वह उसे फेसबुक पर अपलोड करके अपना भाव बना सके कि वह किस तरह से स्कूल में बच्चों से काम करवाता है। फोटो आने के बाद उसने स्कूल में बैठे-बैठे ही उसे अपलोड कर दिया।
फोटो अपलोड होने के बाद मंगलवार को अनंतनाग में मामला काफी गर्म हो गया। जिसने भी इस फोटो को देखा, वह हैरान रह गया। इस मामले को लेकर मंगलवार को कई जगहों पर प्रदर्शन शुरू हो गए। लोगों ने स्कूल का घेराव भी किया। लेकिन अध्यापक मौके से भाग गया। माहौल को खराब होता देखकर शिक्षा विभाग ने तत्काल अध्यापक को सस्पेंड कर दिया।
इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच करने के लिए एक टीम को लगाया गया है। इसके बाद पुलिस कार्रवाई भी करवाई जा सकती है। बता दें कि पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों से अध्यापक अपने प्राइवेट काम करवाते हैं। उनसे स्कूल की साफ-सफाई के अलावा घरों की साफ-सफाई भी करवाई जाती है। इसके अलावा अन्य काम करवाए जाते है, मानो बच्चे नौकर हों।