(फाइल फोटो )
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान 14 दिसम्बर को होना है। इससे पहले दक्षिणी
कश्मीरी जिले अनन्तनाग में कुछ अज्ञात हमलावरों ने गुरुवार को एक पुलिस थाने में ग्रेनेड से हमला कर तीन पुलिसकर्मी को घायल कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने रात करीब नौ बजे अनन्तनाग में शेरबा स्थित थाने में ग्रेनेड फेंका जिसमें तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। सूत्रों ने बताया कि हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गयी लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षाबलों तैनाती कर दिया गया है और हमलावरों की खोज के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी आतंकवादी संगठन ने नहीं ली है।
समय रहते विस्फोटक मिलने से टली बड़ी घटना
सुरक्षा बलों ने दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में एक विस्फोटक को समय रहते ढूंढकर और निष्क्रिय कर एक बडी घटना को टाल दिया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि शोपियां-बाहीबग मार्ग पर एक विस्फोटक लगे होने की खुफिया जानकारी मिली थी जिसके बाद सेना और राज्य पुलिस ने इलाके में मिलकर खोज अभियान चलाया जिसमें दक्षिणी कश्मीर में लुंदूरा गांव के निकट यह विस्फोटक बरामद और निष्क्रिय किया गया।