भादरवाह। कश्मीर के डोडा क्षेत्र में एक बार फिर भूकंप के झटकों की वजह से हलचल मच गई है। सोमवार को डोडा के भदरवाह इलाके में 3.7, 3 और 4 की तीव्रता के तीन झटके महसूस किए गए। ये झटके सुबह 8 बजकर 42 मिनट पर शुरू हुए थे। इन झटकों के बाद अधिकारियों ने इलाके के स्कूल बंद करवा दिए हैं। हालांकि, जान-माल की हानी से संबंधित कोई खबर नहीं आई है। लेकिन, लगातार आ रहे भूकंप से इलाके के लोग सकते में हैं।
जानकारी के अनुसार इस भूकंप का केंद्र भादरवाह गांव था। इलाके के स्कूलों को फिर से बंद करा दिया गया है। गौरतलब है कि 1 मई से लगातार आ रहे भूकंप के झटकों की वजह से इलाके के सभी स्कूल 12 दिनों से बंद थे। 12 मई को सभी स्कूलों को फिर से खोला गया था जिन्हें 13 मई को दोबारा बंद करा दिया गया। पिछले 13 दिनों में करीब 24 बार डोडा इलाके में भूकंप आया है। यह आंकड़े चौंका देने वाले हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने भूकंप पीड़ितों को राशन मुहैया कराने की घोषणा की है। लगातार आए इन झटकों की वजह से 2 लोगों की जान जा चुकी है और 69 से ज्यादा घायल हुए हैं। घायलों में 26 बच्चे और 3 शिक्षक हैं।
पुलिस ने अपने 100 फील्ड यूनिट्स को आगाह कर दिया है। अधिकारी हर मुश्किल से निपटने के लिए तैयार हैं। राज्य सरकार ने भूकंप पीड़ितों के लिए 25 करोड़ की सहायता राशि खर्च करने की घोषणा भी कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि अब आने वाले भूकंप में किसी भी तरह का नुकसान ना हो।