पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजम्मू। चंडीगढ़ अस्पताल में पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह रांजे की मौत के बाद कोट भलवाल जेल में पाक कैदियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कोट भलवाल जेल के हालात काफी खराब हो गए हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी कैदियों को बैरकों में बंद कर उनके बाहर आने पर रोक लगा दी है। साथ ही, गरोटा पुलिस ने सनाउल्लाह पर हमला करने वाले कैदी विनोद कुमार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इसके पहले विनोद कुमार पर हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया था। सनाउल्लाह की मौत की आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने धारा को बदलकर हत्या का मामला दर्ज कर दिया। विनोद कुमार शनिवार से पुलिस रिमांड पर है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सनाउल्लाद पर कैदी विनोद कुमार ने जम्मू की कोट भलवाल जेल में जानलेवा हमला किया था। इसके बाद सनाउल्लाह को चंडीगढ़ के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था। जहां उसकी मौत हो गई है। जैसे ही सनाउल्लाह की मौत की जानकारी कोट भलवाल जेल में पहुंची वैसे ही वहां बंद पाकिस्तानी कैदियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पहले से ही पाकिस्तानी कैदियों को भारतीय कैदियों से अलग बंद कर के रखा गया था। अब जेल के हालात और खराब हो गए हैं। जेल के अधिकारियों ने कैदियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन दोपहर तक कैदियों का प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रही। इन हालात को देखते हुए जेल की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। सूत्रों का कहना है कि सरकार ने माहौल ठीक होने तक कैदियों को बैरकों में बंद करके रखने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक कोट भलवाल में बंद पाकिस्तानी कैदियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के बारे में भी विचार किया जा रहा है।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस कैदी विनोद कुमार पर नए सिरे से कार्यवाही करने का मन बना चुकी है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हो चुका है साथ ही ये भी कहा जा रहा है कि उसे अब वापस कोट भलवाल जेल नहीं ले जाया जाएगा। हालांकि, कोई भी कैदी विनोद कुमार के खिलाफ गवाही देने को तैयार नहीं है। सभी का यही कहना है कि उन्होंने इस मामले को अपनी आंखो से नहीं देखा है। चश्मदीद गवाह ना मिलने की वजह से पुलिस को मामला आगे बढ़ाने में खासी परेशानी हो रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.