पट्टन। राज्य के मुख्य मंत्री उमर अब्दुल्लाह ने रविवार को नवाज शरीफ को बधाई दी। नवाज शरीफ ने पाकिस्तान की राजगद्दी संभालने की पूरी तैयारी कर ली है। उमर ने शरीफ को यह याद दिलाने की कोशिश की है कि उन्होंने पहले अपने कार्यकाल के दौरान कश्मीर मुद्दे को सुलझाने की बात कही थी। इसी के साथ भारत और पाकिस्तान के बीच अमन की बात कही।
एक आम जनसभा में उमर ने कहा कि वो अपनी पार्टी और कश्मीर के लोगों की तरफ से नवाज शरीफ को पाकिस्तान का चुनाव जीतने की खुशी में बधाई देना चाहते हैं। और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान की सत्ता बदलने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में सुधार होगा।
भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से उमर ने पाकिस्तान की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाने की गुजारिश की है। उमर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच दोस्ती से कश्मीर के लोगों का भला होगा। उमर ने मनमोहन सिंह से इस बारे में पाकिस्तान के साथ बात की पहल करने को कहा है। उमर ने कहा कि जिस तरह माननीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने पाकिस्तान से वार्ता की पहल की थी उसी तरह पाकिस्तान की सरकार बदलने पर मनमोहन सिंह को भी पाकिस्तान से बात करनी चाहिए।
उमर के हिसाब से जबतक भारत और पाकिस्तान के बीच अमन और शांती नहीं होगी तब तक कोई भी राजनीतिक मुद्दा हल नहीं हो सकता है। गौरतलब है कि पाकिस्तान में चुनाव के समय भी 22 लोग मारे गए। उमर ने कहा है कि हो सकता है सरकार के बदलने से पाकिस्तान के हालात में सुधार हो सके। उमर का मानना है कि नारे लगाने से बहतर लोगों की भलाई के लिए काम करना है।