पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सनाउल्ला की मौत, पाकिस्‍तान ने मांगी लाश

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

चंडीगढ़। पाकिस्तानी कैदी सनाउल्‍लाह की चंडीगढ़ के पीजीआई में मौत हो गई है। वह जम्मू जेल में एक कैदी के हमले के बाद बुरी तरह घायल हो गया था।

सनाउल्‍लाह की मौत गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे हुई। उसकी किडनी सहित अन्य अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। डीप कोमा में चले गए सनाउल्लाह को पहले दिन से ही वेंटीलेटर पर रखा गया था। सनाउल्लाह किडनी फैलियर के साथ हाइपोथर्मिया का भी शिकार हो गया था।

पाकिस्‍तान ने सनाउल्‍लाह का शव मांगा है। फिलहाल उसके पोस्‍टमॉर्टम के लिए एक मेडिकल बोर्ड बनाया गया है। पोस्‍टमॉर्टम के बाद उसका शव पाकिस्‍तान को सौंपा जा सकता है। शव का पोस्‍टमॉर्टम चंडीगढ़ के ही पीजीआई अस्‍पताल में किया जाएगा।

पाकिस्‍तानी कैदी के परिजन कुछ दिनों से चंडीगढ़ में ही हैं। उन्‍हें सनाउल्‍लाह की मौत की जानकारी दे दी गई है। पांच दिन से सनाउल्‍लाह के ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए दी जा रही मेडिसन को भी बढ़ाकर मैक्सिमम लेवल पर कर दिया गया था। पीजीआई की ओर से जारी बुलेटिन में कल कहा गया था कि सनाउल्लाह की हालत पिछले 6 दिनों में सबसे खराब हालत में पहुंच चुकी है। सनाउल्लाह पर 3 मई को जम्मू जेल में हुई मारपीट के बाद पीजीआई शिफ्ट किया गया था।

पाकिस्‍तान ने साफ शब्‍दों में भारत पर आरोप लगाया है कि सनाउल्‍लाह को जानबूझ कर मारा गया है। पाकिस्‍तान ने सनाउल्‍लाह के शव की मांग की है। पाक ने कहा कि सनाउल्‍लाह की मौत की इंटरनेशनल जांच एजेंसी से जांच की जाए।