पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

Fake Shake: रणदीप का राज, एक हफ्ते होस्टल मेस में खाया खाना

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई, युवतियों के दिलों की धड़कन, हॉट शॉट मॉडल/एक्टर रणदीप हूडा ने बहुत कम समय में 28 किलो वजन घटाकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है। फैंस इसे रणदीप की असाधारण इच्छाशक्ति का चमत्कार मान रहे हैं तो स्वयं हूडा उसे होस्टल मेस के खाने का कमाल बता रहे हैं। ये कम्प्लीट ‘लुक’ भी हॉस्टल की ही देन है। जहां एक तरफ उनका शरीर मेस के खाने से कंकाल में परिवर्तित हो गया, वहीं, होस्टेल में रहने से बिना मेक-अप ही रणदीप को ये चेहरा और बाल प्राप्त हुए।
फिल्म के प्रमोशन के एक फंक्शन पर मीडिया से बात करते हुए रणदीप काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वजन घटाने के लिए मैंने कई नुस्खे आजमाए पर कुछ फायदा नहीं हुआ। मैं काफी उदास भी रहने लगा था कि अब इस फिल्म में अपने किरदार से न्याय कैसे कर पाऊंगा। तभी मुझे किसी ने बताया के मुझे कुछ दिन कॉलेज के होस्टल मेस में भोजन करना चाहिए। फिर क्या था मैं नियमित रूप से वहां खाना खाने लगा। खीरे का रस पीते हुए हुए रणदीप आगे बोले, होस्टल मेस की रोटी चबाई नहीं जाती थी, चावल हजम नहीं होता था, और सब्जी खाने की हिम्मत नहीं होती थी। सच पूछिए तभी से मेरा वजन दिन दूना रात चौगुना घटने लगा और आज देखिए आप सब के सामने हूं, एक जीवित कंकाल के जैसा।
अगर आप भी तुरंत वजन घटाना चाहते हैं तो आज ही किसी कॉलेज की मेस में खाना शुरू कीजिए। घबराइए मत, अभी फोन उठाइए और कॉल कीजिये अपने नजदीकी कॉलेज में। वैसे भी अधिकांश छात्र वहां भोजन करते ही नहीं हैं, जिससे खाना व्यर्थ ही जाता है। इसीलिए आपको वहां जाकर खाने से कोई मना नहीं करेगा। आज ही पाइए मनचाहा फिगर और जीत लीजिए अपने सपनों को। रणदीप के इस खुलासे से कई मोटे लोगों को आस मिली है। वहीं कई होस्टल के छात्रों ने भी रणदीप के इस खुलासे का समर्थन करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। दिल्ली की युविका रैनबसेरा ने अपने ब्लॉग पर लिखा है कि रणदीप को थैंक्स। मैं उनके पदचिन्हों पर चलते हुए जल्द ही जीरो फिगर पा लूंगी।
(काल्पनिक खबर-फेकिंग न्यूज)
खबरें और भी हैं...