पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

Extra Shot : एलियन की चमत्कारी ड्रेस!

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आसमान से धरती पर उतरा एलियन बड़ा परेशान। धरती के लोग उसे देख-देखकर हंसते। पागल समझकर पत्थर मारते। वह तो भला हो रतौड़ीलाल कबाड़ीवाले का जहां से उसे एक ट्रांजिस्टर मिल गया। पर ट्रांजिस्टर भी आिखर कब तक दम मारता। तो उसने स्कर्ट पहन ली, लेकिन तब भी लोग हंसते रहे। फिर उसे भैरोंसिंह बैंड मास्टर के पास बैंड बजाने का काम मिल गया। लेकिन इज्जत अब भी नहीं मिली थी। और एक दिन अचानक उसकी कहानी में गया एक नया ट्विस्ट :
भारी-भरकम बैंड उठाते-उठाते थककर चूर एलियन सड़क किनारे बैठा ही था कि बाजू से तेज गति से एक गाड़ी निकली। गाड़ी से कुछ गिरा। वह एक पैकेट था, जिसे खोला तो उसमें थी एक चमचमाती खाकी ड्रेस। बैंड बाजे वाली वह ड्रेस पहन-पहनकर फट चुकी थी। तो उसने यह खाकी ड्रेस पहन ली। उसे नहीं पता था कि यह कितनी चमत्कारी ड्रेस थी। दरअलस, चमत्कार ड्रेस में नहीं, उसके रंग में था। इस बीच, उसे भूख लग आई। पैसे तो थे नहीं। उसने सोचा, चलो किसी रेस्टोरेंट में कुछ खा लेता हूं। बदले में बरतन मांज दू्ंगा। धरती पर रहते-रहते वह समझने लगा था कि यहां लेन-देन से सब काम हो जाते हैं। उसने "नीलकमल बार एंड रेस्टोरेंट' में कदम रखे और चमत्कार शुरू हो गया।
'सुन लड़के, हेडसाहेब के लिए टेबल साफ कर… स्साले जल्दी कर।' यह रेस्टारेंट के मालिक की आवाज थी। अगली आवाज भी मालिक की थी, 'सरजी, क्या लेंगे?'
'कुछ भी!' एलियन को समझ में नहीं आया कि उसे सर क्यों कहा जा रहा है? भैरोंसिंह बैंड मास्टर तो उसे 'अबे' कहकर ही बुलाता।
'सर, अपना ही रेस्टोरेंट समझें। चलिए, हम आपको आज का स्पेशल खिलाते हैं।'
एलियन डर-डरके खा रहा है। सोच रहा है, 'दो-चार दिन के बरतन साफ करवाके ही मानेगा यह।'
एलियन ने पेट भरते ही पूछा, 'अब मैं क्या सेवा करूं?' शायद उसका आशय यही था कि बरतन कहां रखे हैं? और कितने दिन साफ करने पड़ेंगे!
'सर, वैसे तो आप इस एरिया में नए आए लगते हैं, पर आपसे क्या छिपा। एक्चुअली, बार का लाइसेंस जरा रिन्यू नहीं हो पाया है, बस जरा उसका ध्यान रख लेना...!' मालिक की मक्खन लगाती आवाज।
अब एलियन इतना भी नासमझ नहीं रहा। उसे समझ में गया कि हो हो, यह खाकी का चमत्कार है। इस चमत्कार के दर्शन तो वह इतने दिनों में कर ही चुका था। बस, वह चमत्कारों का आनंद उठाने लगा। कभी पानी-पुरी के खोमचे वाले के पास तो कभी लल्लू आइसक्रीम की दुकान पर। ऑटोवाले तो उसके चमत्कार के कायल थे ही।
और अब क्लाइमेक्स… पान की गुमटी के पास खड़ा एलियन खैनी मसल रहा है। तभी एक जीप का आगमन। कुछ रुआबदार खाकियां उसमें सवार हैं। एक रुआबदार आवा, 'अरे यार, तुम किस थाने में पोस्टेड हो? खैर, जहां भी हो, हिसाब ठीक रखना। इन दिनों बहुत प्रेशर है ऊपर से। बड़े साहब बता रहे थे कि ऊपरवालों ने डिमांड बढ़ा दी है।'
एलियन को कुछ समझ नहीं आया। लेकिन शायद जल्दी ही समझ जाएगा कि यह चमत्कार ड्रेस का नहीं, उससे जुड़े कैरेक्टर का है।
ए. जयजीत