पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अरे इस फाइल का कॉन्फिडेंस तो देखो!

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सरकारी फाइल को शुरू से ही कछुए से कॉम्प्लैक्स रहा है। जब-तब उस पर कछुए का टैग लगता रहा है। तो एक दिन उसने ठान लिया कि अब तो कछुए को उसकी औकात बतानी ही होगी। उसने कछुए से रेस लगाने का ऐलान कर दिया। और कछुए को तो देखिए, उसने भी हां कर दी। भोला-भंडारी। सोचा ही नहीं कि इज्जत उसी की दांव पर लगेगी। सरकारी फाइल का क्या! नियत समय पर रेस शुरू हुई। कछुआ तेजी से आगे बढ़ा। लेकिन यह क्या, सरकारी फाइल टस से मस नहीं हुई। दरअसल, उसने खरगोश और कछुए की कहानी सुन रखी थी।

उसने सुना था कि खरगोश तेजी से आगे चला था, इसलिए हार गया। उसने सरकारी निष्कर्ष निकाला, ‘जो आगे चलेगा, वह हारेगा।’ इस बार कछुआ आगे चला है तो वह हारेगा ही।

जबर्दस्त कॉन्फिडेंस। फिर इसी कॉन्फिडेंस में फाइल किसी सरकारी दफ्तर में जाकर सो गई। उधर कछुए ने भी यही कहानी सुन रखी थी। इसके आधार पर उसने निष्कर्ष निकाला कि रेस तो कछुआ ही जीतता है। इसी कॉन्फिडेंस में वह भी सो गया। वर्षो बीत गए। अपने-अपने कॉन्फिडेंस में दोनों सोते रहे। फिर एक दिन अचानक सरकारी फाइल को झिंझोड़कर जगाया गया।

वह पेंशन की फाइल थी। जिसका केस था, वे बड़े आदर्शवादी किस्म के इंसान थे। उन्हें उम्मीद थी कि कभी तो फाइल जागेगी और आगे बढ़ेगी, लेकिन जीते-जी उनकी यह तमन्ना पूरी नहीं हो पाई। इस बीच, उनका पोता समझदार हो गया। नई पीढ़ी का बंदा है, प्रैक्टिकल है। उसे पता है कि फाइल को जगाना होता है। वजनदार ठोकर मारो तो ही जागती है। बड़ी उल्टीचीज है कमबख्त। पीठ पर जितना वजन होगा, उतनी तेजी से आगे बढ़ेगी।

तो पोता समझदार था, नया अफसर उससे भी ज्यादा समझदार था। उसने फाइल को जोरदार लताड़ लगाई, ‘तुम यहां सोने आई हों? ऐसे तो काम हो लिया।’‘लेकिन सर, पैर आगे ही नहीं बढ़ रहे।’ फाइल बोली। फाइलें भी समझदार होती हैं। जो बात अफसर अपने मुंह से नहीं कह सकता, उसे फाइल कह देती है। पोता चूंकि बहुत ज्यादा ही समझदार है। तो फाइल पर उसने वजन रखा। फाइल फर्राटे से आगे बढ़ी।

और अब क्लाइमेक्स देखिए..रास्ते में उसे एक कछुआ मिला। उसे वह कछुआ याद आ गया। इस कछुए के नाक-नक्श वैसे ही थे, जैसे उस कछुए के थे, लेकिन यह वह नहीं था। पता चला कि यह उस कछुए का पोता है और किसी अन्य सरकारी फाइल के साथ रेस लगा रहा है। (लेखक डीबी स्टार में न्यूज एडिटर हैं)