पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

करियर न्यूजः कंसल्टिंग फर्म्स में मिलेंगी 43,000 नौकरियां

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नौकरियों के लिहाज से वर्ष 2014 के अच्छा साबित होने के संकेत हैं। बैंक और रेलवे के बड़े पैमाने पर नौकरियों के दरवाजे खोलने के बाद अब कंसल्टिंग कंपनियां रोजगार के अवसर बड़ी संख्या में उपलब्ध करवाएंगी। अर्न्स्ट एंड यंग, पीडब्ल्यूसी, केपीएमजी और डेलॉइट, आने वाले चार सालों में 43,000 नौकरियां उपलब्ध करवाएंगी। ऐसा इसलिए संभव हुआ है क्योंकि टीयर 2 और टीयर 3 शहरों में बिजनेस बढ़ा है, टेलीकॉम इंडस्ट्री में विकास हो रहा है, इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में तेजी आई है और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने इन पर ध्यान देना शुरू किया है। इन नियुक्तियों से ग्रेजुएट, इंजीनियर, सीए और एमबीए उम्मीदवारों को सबसे ज्यादा फायदा होगा क्योंकि 60 से 80 प्रतिशत नौकरियां इन्हें मिलेंगी। इन कंपनियों के अलावा इनकी पार्टनर कंपनियां भी बड़े पैमाने पर रोजगार दे सकती हैं।

महाराष्ट्र में एमबीए का टेस्ट होगा ऑनलाइन

ज्यादातर राज्यों की तर्ज पर तकनीकी शिक्षा निदेशालय, महाराष्ट्र ने भी एमबीए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए, लिए जाने वाले एमएमएस सीईटी को ऑनलाइन करने की तैयारी शुरू कर दी है। अब छात्रों को इस परीक्षा की तैयारी कलम के बजाय की बोर्ड और माउस से करनी होगी। हालांकि कुछ विशेषज्ञ इसे पिछड़े क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों के उपयुक्त नहीं मान रहे हैं, जहां कंप्यूटर शिक्षा का प्रचलन काफी कम है। इस टेस्ट से राज्य के 400 से ज्यादा कॉलेजों की 45 हजार से भी ज्यादा सीटों के लिए योग्य विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट ने मांगी 44 डीम्ड विश्वविद्यालयों की स्टेटस रिपोर्ट

मानव संसाधन मंत्रालय की पी.एन. टंडन कमेटी रिपोर्ट में जिन 44 डीम्ड विश्वविद्यालयों की मान्यता पर तलवार लटक गई थी उनके छात्रों के लिए उम्मीद की किरण सुप्रीम कोर्ट की तरफ से आई है। इस कमेटी ने देश के 44 डीम्ड विश्वविद्यालयों को दिए गए दर्जे को निरस्त करने की अनुशंसा की थी। तब से इनके छात्रों के लिए गफलत की स्थिति बन गई थी। 2006 में दायर की गई एक पीआईएल के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार का पक्ष स्पष्ट करते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से इन विश्वविद्यालयों की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।

रचनात्मक लेखकों के लिए ब्रिटिश काउंसिल स्कॉटलैंड कॉमनवेल्थ स्कॉलरशिप

साहित्य और लेखन में कुछ नया कर दिखाने की तमन्ना रखने वालों के लिए एक बेहतरीन खबर। ब्रिटिश काउंसिल स्कॉटलैंड बेहतरीन और रचनात्मक कलमकारों के लिए तीन स्कॉलरशिप लेकर आई है। यह स्कॉलरशिप सिर्फ कॉमनवेल्थ नेशन्स के नागरिकों के लिए है। ब्रिटिश उपनिवेश रहे सभी मुल्क कॉमनवेल्थ का हिस्सा हैं। भारत भी इस संगठन का सक्रिय सदस्य है। जिन लेखकों को यह स्कॉलरशिप मिलेगी उन्हें जुलाई और अगस्त, 2014 में स्कॉटिश यूनिवर्सिटीज इंटरनेशनल समर स्कूल में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। साथ ही संबंधित कोर्स का शुल्क और रहने का खर्च मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार 21 मार्च, 2014 तक आवेदन कर सकते हैं।

येल यूनिवर्सिटी से करें 4 नए कोर्स नि:शुल्क

दुनिया के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने और अपने रेज्यूमे को और बेहतर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए येल यूनिवर्सिटी चार नए ऑनलाइन कोर्स लेकर आई है। सबसे अच्छी बात है कि ये कोर्सेज पूरी तरह नि:शुल्क हैं। रोमन आर्किटेक्चर, मॉरेलिटिज ऑफ एवरीडे लाइफ, कॉन्स्टीट्यूशनल लॉ और फाइनेंशियल मार्केट्स विषयों में ये कोर्सेज ऑफर किए गए हैं। नौकरी पाने के अवसर बढ़ाने और विषय में विशेषज्ञता हासिल करने के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए इन कोर्सेज को डिजाइन किया गया है।