पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मेरा लव-अफेयर कैमरे से है...

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिद्धार्थ मल्होत्रा आज की पीढ़ी के संभवत: सबसे हैंडसम हीरो हैं, जो अपनी कद-काठी की वजह से तमाम हीरो के बीच अलग नजर आते हैं। शायद इसीलिए वे लड़कियों के सबसे चहेते हैं। इन दिनों उनकी सबसे ज्यादा चर्चा अपनी को-स्टार आलिया भट्‌ट से रिलेशनशिप और न्यूजीलैंड के ब्रांड एम्बेसडर बनने को लेकर है। ‘वैलेंटाइंस डे’ को ध्यान में रखते हुए हमने उनसे बातचीत की शुरुआत प्रेम-संबंध को लेकर ही की :

यहां तक चर्चा है कि आप आलिया भट्‌ट के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे हैं। उनके साथ ‘वैलेंटाइंस डे’ कहां और कैसे मनाएंगे?
मैं ऐसी चर्चाओं का खंडन करते-करते थक गया हूं। फिर वही बात दोहरा रहा हूं कि अालिया मेरी सिर्फ दोस्त और को-स्टार है। हां, जिस तरह दो दोस्तों में प्रेम होता है, उस तरह का प्रेम हमारे भी बीच है। सही मायने में तो मेरा लव-अफेयर कैमरे से है। मैं कैमरे के सामने बेहतरीन काम करना चाहता हूं। मुझे करियर के इस स्टेज पर काम के अलावा कुछ सूझता ही नहीं है।

इधर कुछ समय पहले आप न्यूजीलैंड टूरिज्म के ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किए गए हैं। इसकी भूमिका कैसे बनी?
हुआ यह कि पिछले साल मई-जून में मैंने अपने मैनेजमेंट से कहा कि मुझे एक ब्रेक चाहिए, मैं 15-20 दिन के लिए कहीं विदेश में घूमने जाना चाहता हूं। उन्होंने पूछा कि कहां? मैंने जवाब दिया-न्यूजीलैंड। कुछ दिनों बाद मेरे मैनेजमेंट ने बताया कि वहां का टूरिज्म डिपार्टमेंट मेरे जैसे ही किसी हीरो को ब्रांड एम्बेसडर बनाने के लिए ढूंढ रहा है। मेरी स्वीकृति मिलने पर मैंनेजमेंट ने वहां संपर्क साधा और मैं ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त कर दिया गया। वहां का अनुभव वाकई अविस्मरणीय रहा है। उन लोगों ने मुझे खूब घुमाया-फिराया, खातिरदारी की और 16-17 एडवेंचरस एक्टिविटीज कराईं। न्यूजीलैंड इन सब चीजों के िलए ही जाना जाता है।
आपने अभी-अभी करियर शुरू किया है और संभवत: वहां किसी फिल्म की शूटिंग भी नहीं की।
अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान जैसे विश्व प्रसिद्ध स्टार्स को छोड़कर आपको ब्रांड एम्बेसडर चुनने के पीछे क्या कारण रहा?
उन्होंने काफी सर्वे किए और पाया कि एडवेंचरस इमेज के साथ मैं यूथ में सबसे ज्यादा पॉपुलर हूं। उनके प्रोमोशन टारगेट से मेरी इमेज सबसे ज्यादा मैच हुई।

आपको न्यूजीलैंड-प्रवास के दौरान घूमने-फिरने, ठहरने को तो फ्री में मिला होगा। क्या ब्रांड एम्बेसडर बनने के लिए आपको पारिश्रमिक भी मिला है?
नहीं, मैं एक तरह से गुडविल एम्बेसडर हूं। यही अपने आप में बहुत बड़ा सम्मान है, जिसके सामने लाखों का पारिश्रमिक कुछ भी नहीं है। यह पद मेरे पास साल भर के लिए है। एक्सटेंशन मिला तो 2 साल का हो जाएगा। यह एक तरीके से ऐसा काम है कि यहां की सभ्यता-संस्कृति का वहां प्रचार करो और वहां की खूबियों से यहां के लोगों को अवगत कराओ।

आप तो वहां फ्री में घूम-फिर सकते हैं, पर क्या आपके ब्रांड एम्बेसडर बनने से आपकी फिल्मों के निर्माताओं को भी कोई फायदा होगा?
जरूर होगा। मेरी फिल्मों की शूटिंग वहां पर होगी तो निर्माताओं को प्रोजेक्ट के हिसाब से सब्सिडी व अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सकता है। मेरी ही फिल्मों के प्रोड्यूसर्स को क्यों, मेरे रिफरेंस से भारत का कोई भी फिल्म मेकर वहां शूटिंग करने जाएगा तो उसे सारी सुविधाएं आसानी से और सस्ते में प्रदान की जाएंगी। अभी तक वहां ज्यादातर हॉलीवुड की बड़ी-बड़ी फिल्मों की शूटिंग, ग्रािफक्स और स्पेशल इफेक्ट का काम होता रहा है, जिन फिल्मों का बजट तीन सौ-साढ़े तीन सौ करोड़ होता है। वहां की सरकार भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को आकर्षित करना चाहती है, जिसके लिए उनके पास विभिन्न फायदेमंद योजनाएं हैं। वहां बेहद खूबसूरत लोकेशनों के अलावा एक आधुनिक स्टूडियो है, जिसके हेड हैं ऑस्कर विजेता सर रिचर्ड टेलर। वहां काम करके भारतीय फिल्मों में भी हॉलीवुड वाली तकनीकी गुणवत्ता लाई जा सकती है।

अंत में... थोड़ी बातें आपकी अंडर प्रोडक्शन फिल्मों के बारे में। शकुन बत्रा की फिल्म किस जोनर की है?
यह एंटरटेनिंग फैमिली ड्रामा है। यह कुल मिलाकर पांच किरदारों की कहानी है, जिसमें मैं, ऋषि कपूर जी, आलिया भट्‌ट और पंकज कपूर हैं। दर्शक चाहे किसी भी आयु वर्ग का हो, इसके किसी न किसी किरदार से खुद को जरूर जोड़कर देख पाएगा।
खबरें और भी हैं...