- Hindi News
- वसीयत पर बाल ठाकरे ने मेरे सामने दस्तखत किए
वसीयत पर बाल ठाकरे ने मेरे सामने दस्तखत किए
ब्यूरो - मुंबई
दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे की 100 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति को लेकर ठाकरे परिवार में चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। बुधवार को बालासाहेब के डॉक्टर जलील पारकर ने दावा किया है कि ठाकरे ने उनके सामने वसीयत पर हस्ताक्षर किए थे। पारकर की देखरेख में लंबे समय तक ठाकरे का इलाज चला था। डॉ. पारकर के मुताबिक वसीयतनामा तैयार होते समय वे मौजूद थे और पूरे होशोहवास में थे।
वकील डीसूजा का भी किया जिक्र : डॉ. पारकर के मुताबिक वे ठाकरे का सम्मान करते हैं। यह ठाकरे परिवार का मसला है। लिहाजा कुछ ज्यादा कहना उचित नहीं होगा। पारकर और बांद्रा के वकील डीसूजा दोनों वसीयत के गवाह हैं। पारकर के अनुसार ठाकरे ने 13 दिसंबर 2011 को वसीयत पर दस्तखत किए थे। उसके 11 महीने बाद यानी 17 नवंबर 2012 को उनका निधन हुआ था।
जयदेव-उद्धव के बीच कानूनी लड़ाई : ठाकरे की 100 करोड़ से अधिक संपत्ति को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में उनके बेटों जयदेव और उद्धव के बीच कानूनी लड़ाई जारी है। उद्धव ने कोर्ट में प्रोबेट याचिका दायर की है। प्रोबेट पीटिशन मृत व्यक्ति की वसीयत को प्रमाणित करने के लिए कोर्ट में दायर की जाती है। जयदेव ने इसका विरोध किया है। जयदेव के मुताबिक पैतृक संपत्ति से उन्हें कोई हिस्सा नहीं मिला है। वे भले ही अलग रहते थे लेकिन ठाकरे से उनके रिश्ते मधुर थे। जयदेव का आरोप है कि वसीयत पर बाल ठाकरे ने दस्तखत नहीं किए हैं।
डॉक्टर जलील पारकर का दावा