४० फीट की सड़क पर केवल दस फीट की जगह
लक्ष्मी कांत - खुसरूपुर
नगर पंचायत क्षेत्र अतिक्रमणकारियों के शिकंजे में है। स्टेशन रोड से लेकर आसपास का क्षेत्र संकरी हो चुका है। यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ठेला-खोमचा के साथ पूरा बाजार सड़कों पर होता है। ऐसे में शाम-सुबह जब लोग ट्रेन पर चढ़ते या उतरते हैं तो जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। वैसे तो चालीस फीट की सड़क है, लेकिन अतिक्रमण के कारण महज दस फीट में तब्दील हो गई है। व्यवसायिक वाहन भी नगर में बेरोकटोक प्रवेश कर जाते हैं। हालात यह है कि अतिक्रमण के कारण पटना से आने में जितना समय नहीं लगता है उससे कहीं ज्यादा समय लोगों को स्टेशन रोड से घर पहुंचने में लगता है। हाईकोर्ट के अधिवक्ता मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि अतिक्रमण के लिए स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। अगर प्रशासन की शिथिलता बनी हुई है तो इससे उच्च कोर्ट के आदेश की अवहेलना होगी।