दो माओवादियों के मारे जाने की आशंका
भास्कर न्यूज - गया/औरंगाबाद
औरंगाबाद जिले के लेंगुराही के जंगल में शुक्रवार की शाम सशस्त्र बलों का ऑपरेशन थम गया है। लेंगुराही में 24 घंटे तक चले ऑपरेशन में दो नक्सलियों के मारे जाने और आधे दर्जन के जख्मी होने का दावा अद्र्धसैनिक बलों द्वारा किया जा रहा है। शुक्रवार को धूप निकलने के बाद सीआरपीएफ के हेलिकॉप्टर को भी सर्च ऑपरेशन में शामिल किया गया। परन्तु जंगल-पहाड़ की भौगोलिक बनावट से पूरी तरह वाकिफ नक्सलियों का हथियारबंद दस्ता कोहरे का लाभ उठा कर भागने में सफल रहा।
अद्र्धसैनिक बल के एक सूत्र ने बताया कि गुरूवार को 153 सीआरपीएफ की एक टुकड़ी का आमने-सामने की भिडं़त हो गयी थी। दो जख्मी जवानों का हथियार लूटने के लिए नक्सली काफी करीब आ गये थे। परन्तु अंधाधुंध जवाबी कार्रवाई में कई जख्मी हुए जिन्हें अपने साथ लेकर वे लोग वापस हो गये। शव की बरामदगी नहीं होने के कारण एक अधिकारी ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हार्डकोर नक्सली महेश भुईयॉ और महुमांगर के मारे जाने की सूचना मिली है। कुछ प्रमुख नक्सली गंभीर रूप से जख्मी भी हुए हैं। हालांकि देर शाम को डुमरिया के लुटुआ के जंगल में घेराबंदी शुरू किये जाने की सूचना है।