हम आगे आएं, तभी बढ़ेगी महिला शक्ति
डीबी स्टार :पटना
महिला शक्ति को बढ़ाना है तो हमें आगे आना होगा। जब हम एकजुट होंगे, तभी महिलाएं सशक्त होंगी। यह बात समाज कल्याण मंत्री परवीन अमानुल्लाह ने कही। वे गुरुवार को पटना वीमेंस कॉलेज में महिला सशक्तिकरण पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं। लोगों को संबोधित करते हुए परवीन ने कहा कि बिहार में पहले स्कूली छात्राओं की संख्या कम थी, लेकिन अब पांच लाख हो गई है। सरकार ने लड़कियों की बेहतरी के लिए कन्या विवाह योजना, पोषक एवं साइकिल वितरण योजना बनाई है।
महिलाओं को घरेलू हिंसा से बचाने के लिए 36 जिलों में महिला हेल्पलाइन संचालित है। कार्यक्रम में अपने आप की अध्यक्ष रुचिरा गुप्ता ने कहा कि देह व्यापार में पकड़ी जाने वाली महिलाओं के साथ सख्ती न बरती जाए। सरकार वैसे लोगों के खिलाफ सख्त कानून बनाए, जो महिलाओं की खरीद-बिक्री करते हैं। कार्यक्रम में अमेरिका की लेखिका ग्लोरिया स्टीनेम भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जात-पात का भेदभाव मिटा कर मिलजुल कर काम करना चाहिए। तभी देह व्यापार पर शिकंजा कसा जा सकता है।